गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से उतरे, दो यात्रियों की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 18 Jul 2024 10:08 PM
गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से उतरे, दो यात्रियों की मौत
ऑडियो सुनें

गोंडा/दिल्ली. उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही एक ट्रेन के आठ डिब्बे मोतीगंज तथा झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गये. इस घटना में दो यात्रियों की मौत हो गयी तथा 34 अन्य घायल हो गये. पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोंडा-गोरखपुर रेल खंड पर मोतीगंज तथा झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच दोपहर में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए.

प्रदेश के राहत आयुक्त जी.एस. नवीन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में बिहार के अररिया के रहने वाले सरोज कुमार सिंह (31) और चंडीगढ़ के निवासी राहुल (38) नामक व्यक्तियों की मौत हो गयी है. जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने इस घटना में पहले चार लोगों की मौत की पुष्टि की थी. प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस हादसे में चार लोगों की मौत की बात कही थी.

इस भ्रम के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”प्रथम दृष्टया जब टीमें मौके पर पहुंचीं तो लोग वहां बुरी हालत में पड़े थे. इससे भ्रम की स्थिति बन गई. घटना में केवल एक व्यक्ति की मौत हुई है और 34 घायल हुए हैं. एक अन्य व्यक्ति जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी उसे ऑक्सीजन और चिकित्सकीय सहायता देकर बचा लिया गया है.” इससे पहले, मौके पर पहुंची मंडलीय रेल प्रबंधक सौम्या माथुर ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी.

राहत आयुक्त जी.एस. नवीन कुमार ने बताया कि घायलों में से 30 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल थे. उनमें से 25 लोगों का मनकापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार किया जा रहा है, जबकि काजीदेवर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पांच तथा गम्भीर रूप से घायल तीन लोगों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. दो घायलों को लखनऊ रेफर किया गया था मगर उनमें से एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

उन्होंने बताया कि ट्रेन में 23 डिब्बे थे. उनमें से आठ डिब्बे पटरी से उतर गए थे. सभी मृतकों और घायलों को बाहर निकाला जा चुका है.
कुमार ने बताया कि हादसे के बाद करीब 40 सदस्यीय मेडिकल टीम और 15 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गयी थीं. मौके पर एसडीआरएफ की टीम ने भी पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया.

मौके पर पहुंचे केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्द्धन सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटनास्थल पर मौजूद यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिये उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से बात की है. चूंकि यह ट्रेन चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ तक जानी थी इसीलिये एक विशेष ट्रेन गोरखपुर से रवाना हुई है जो गोंडा जिले के मनकापुर रेलवे स्टेशन पर रूकेगी. वहां तक ले जाने के लिये बसों का प्रबंध किया गया है. हादसे के कारणों के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि रेलवे की टेक्निकल टीम जांच करके पता लगायेगी.

इस बीच, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने दिल्ली में बताया, ”बुधवार रात चंडीगढ़ से रवाना हुई ट्रेन संख्या 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस गुरुवार दोपहर करीब 2:37 बजे पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के अधिकार क्षेत्र में मोतीगंज और झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच गोंडा जंक्शन स्टेशन के पास पटरी से उतर गई.” उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे ने राहत अभियान शुरू कर दिया है और मेडिकल वैन दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई हैं. हादसे के कारण कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस और गुवाहाटी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस समेत 10 रेलगाड़ियों को मार्ग बदलकर संचालित किया जा रहा है.

डे ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं – कर्मिशयल कंट्रोल: 9957555984, फरकाटिंग (एफकेजी): 9957555966, मरियानी (एमएक्सएन): 6001882410, सिमलगुरी (एसएलजीआर): 8789543798, तिनसुकिया (एनटीएसके): 9957555959, डिब्रूगढ़ (डीबीआरजी): 9957555960.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav