निर्वाचन आयोग ने पेरम्बरा में रिकॉर्ड की गई घोषणा के प्रसारण पर एलडीएफ नेता रामकृष्णन को नोटिस भेजा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 03 Apr 2026 02:59 PM
निर्वाचन आयोग ने पेरम्बरा में रिकॉर्ड की गई घोषणा के प्रसारण पर एलडीएफ नेता रामकृष्णन को नोटिस भेजा
ऑडियो सुनें

कोझिकोड: निर्वाचन आयोग ने पेरम्बरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक टी पी रामकृष्णन को नोटिस जारी करके वाम मोर्चा के प्रचार वाहन से रिकॉर्ड की गई घोषणा को प्रसारित किये जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। यहां जिलाधिकारी कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने निर्वाचन अधिकारी द्वारा एलडीएफ संयोजक को नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की।

इस घटनाक्रम के बाद, रामकृष्णन ने एक टीवी चैनल को बताया कि जिस घोषणा को लेकर सवाल उठाए गए हैं उससे एलडीएफ सहमत नहीं है और उसने इस तरह के किसी भी रिकॉर्ड किए गए संदेश को आधिकारिक तौर पर अनुमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने शिकायत दर्ज कराई है, ”इसलिए इसकी जांच कराई जाए।”

एलडीएफ संयोजक ने कहा कि यूडीएफ ने केवल निर्वाचन क्षेत्र और राज्य में उसके द्वारा किए गए विकास कार्यों को ही उजागर किया है। दूसरी ओर, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार फातिमा ताहिलिया ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत निर्वाचन आयोग के पास दर्ज कराई गई थी और उन्होंने इस पर निर्वाचन आयोग द्वारा की गई कार्रवाई का स्वागत किया।

फातिमा ने दावा किया कि चूंकि यह एक पहले से रिकॉर्ड की गई घोषणा थी जिसे एलडीएफ के प्रचार वाहन से प्रसारित किया गया था, इसलिए ”यह एक पूर्व नियोजित कदम था।” उन्होंने कहा, “इसकी जांच कराई जाए। हम चाहते हैं कि प्राथमिकी दर्ज की जाए।” इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) द्वारा उम्मीदवार बनाई गईं फातिमा ने यह भी दावा किया कि रिकॉर्ड किए गए विज्ञापन के दृश्यों से यह स्पष्ट था कि वाहन एलडीएफ के चुनाव अभियान का हिस्सा था। रिकॉर्ड किए गए विज्ञापन में कथित तौर पर कहा गया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ का प्रमुख घटक दल आईयूएमएल फातिमा को वोट दिलाने के लिए सांप्रदायिक अभियान चला रहा था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav