अब ट्विटर को खरीदना चाहते हैं एलन मस्क, 43 अरब डॉलर की पेशकश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Apr 2022 08:58 PM
अब ट्विटर को खरीदना चाहते हैं एलन मस्क, 43 अरब डॉलर की पेशकश
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. टेस्ला के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने अब ट्विटर को खरीदने की पेशकश की है. उन्होंने कहा कि इस सोशल मीडिया मंच को एक निजी कंपनी में बदलने की जरूरत है. मस्क इससे पहले मुक्त अभिव्यक्ति के सिद्धांतों का पालन करने के मुद्दे पर ट्विटर की आलोचना कर चुके हैं. ट्विटर ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को बताया कि मस्क ने बुधवार को उसे एक पत्र भेजा है, जिसमें कंपनी के बाकी शेयरों को खरीदने का प्रस्ताव है.

मस्क ने ट्विटर के प्रत्येक शेयर के लिए 54.20 डॉलर की पेशकश की है. यह पेशकश 43 अरब डॉलर से अधिक बैठती है. उन्होंने इस कीमत को अपना अधिकतम और अंतिम प्रस्ताव बताया है. मस्क के पास इस समय ट्विटर के नौ प्रतिशत से अधिक शेयर हैं. वह कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक हैं. यह पेशकश बाध्यकारी नहीं है और वित्तपोषण तथा अन्य शर्तों के अधीन है.

मस्क ने शेयर बाजार को बताया, ‘‘मैंने ट्विटर में निवेश किया, क्योंकि मैं दुनियाभर में मुक्त अभिव्यक्ति का एक बड़ा मंच बनने की इसकी क्षमता में विश्वास करता हूं और मेरा मानना है कि मुक्त अभिव्यक्ति कार्यशील लोकतंत्र के लिए एक सामाजिक अनिवार्यता है.’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘हालांकि, निवेश करने के बाद मुझे एहसास हुआ कि कंपनी अपने मौजूदा स्वरूप में न तो उन्नति करेगी और न ही इस सामाजिक अनिवार्यता को पूरा करेगी. ट्विटर को एक निजी कंपनी के रूप में बदलने की जरूरत है.’’ ट्विटर ने कहा कि उसे मस्क का प्रस्ताव मिला है, और वह फैसला करेगी कि शेयरधारकों के सर्वोत्तम हित में क्या है- इसे स्वीकार किया जाए, या सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली कंपनी के रूप में काम जारी रखा जाए.

विश्लेषक डैनियल इवेस ने कहा कि उनका मानना है कि कंपनी के इस आक्रामक अधिग्रहण के साथ मस्क ट्विटर के मालिक बन जाएंगे. उन्होंने कहा कि अब बोली लगाने वाले किसी दूसरे व्यक्ति या गठजोड़ के लिए आगे आना मुश्किल होगा और ट्विटर के बोर्ड को मस्क के प्रस्ताव को स्वीकार करने या कंपनी को बेचने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा. मस्क की यह पेशकश ट्विटर के साथ उनके संबंधों की ताजा कड़ी है. अरबपति कारोबारी ने शेयर बाजार को बताया था कि वह 31 जनवरी से हर दिन शेयर खरीद रहे थे.

शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, ट्विटर ने मस्क को अपने बोर्ड में इस शर्त पर जगह दी थी कि उनके पास कंपनी के 14.9 प्रतिशत से अधिक शेयर नहीं होंगे. लेकिन, मस्क ने इस शर्त को नहीं माना और बोर्ड में शामिल होने से मना कर दिया. मस्क के ट्विटर पर 8.1 करोड़ से अधिक फॉलोअर हैं. वह इस मंच पर सबसे लोकप्रिय शख्सियतों में से एक हैं. वह एरियाना ग्रांडे और लेडी गागा जैसे पॉप सितारों को टक्कर दे रहे हैं. हालांकि, उनके ट्वीट ने उन्हें कभी-कभी परेशानी में भी डाला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu