इंजीनियर आत्महत्या मामला: बेंगलुरु पुलिस ने पत्नी, सास और साले को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Dec 2024 07:55 PM
इंजीनियर आत्महत्या मामला: बेंगलुरु पुलिस ने पत्नी, सास और साले को किया गिरफ्तार

ऑडियो सुनें

बेंगलुरु/समस्तीपुर. बेंगलुरु पुलिस ने एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में उनकी पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. बेंगलुरु पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से तथा निकिता की मां निशा सिंघानिया और उसके भाई अनुराग सिंघानिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया.

उसने बताया कि आरोपियों को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया, बेंगलुरु लाया गया और स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस बीच, प्रयागराज पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को दावा किया कि बेंगलुरु पुलिस ने उन्हें निशा सिंघानिया और अनुराग सिंघानिया की गिरफ्तारी के बारे में कोई सूचना नहीं दी है.

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु पुलिस ने ना तो ‘ट्रांजिट रिमांड’ ली और ना ही निशा एवं अनुराग को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया लेकिन यह पता चला कि बेंगलुरु पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर हवाई मार्ग से बेंगलुरु ले गई. सुभाष (34) का शव नौ दिसंबर को दक्षिण-पूर्व बेंगलुरु के मुन्नेकोलालु में उनके घर पर फंदे से लटका मिला था. सुभाष ने वीडियो और नोट में आरोप लगाया था कि उनसे अलग रह रही उनकी पत्नी और ससुराल वालों ने ”झूठे” मामलों में फंसाकर और ”लगातार उत्पीड़न कर” उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया.
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि सुभाष की पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार कर लिया गया है और वे न्यायिक हिरासत में हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी रहेगी.

परमेश्वर ने बेंगलुरू में पत्रकारों से कहा, ”उसने (सुभाष ने) लगभग 40 पन्नों का एक सुसाइड नोट छोड़ा है और उसने कई मुद्दे उठाए हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून के प्रावधानों का दुरुपयोग है. उसने कहा है कि उस पर तीन करोड़ रुपये और अन्य चीजों के लिए दबाव डाला गया था तथा उसके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए.” मंत्री ने कहा कि सुभाष ने ”पुरुषों के अधिकारों” को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है कि क्या कानून में संशोधन किया जाना चाहिए, क्योंकि महिलाओं के अधिकारों का दुरुपयोग किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”सवाल उठाए जा रहे हैं, देश में चर्चा हो रही हैं. आने वाले दिनों में राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर कानूनों में बदलाव लाने के बारे में संभवत: चर्चा करनी होगी.” इससे पहले, निकिता, उसकी मां, भाई और चाचा सुशील सिंघानिया ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिकाएं दाखिल की थीं. बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को निकिता सिंघानिया को समन जारी करके तीन दिन में पेश होने के लिए कहा था.

जब तक न्याय नहीं मिलता, बेटे की अस्थियां विर्सिजत नहीं करूंगा: आत्महत्या करने वाले इंजीनियर के पिता

बेंगलुरु में आत्महत्या करने वाले इंजीनियर अतुल सुभाष के पिता ने उनके बेटे को ”परेशान करने वालों” को कड़ी सजा दिए जाने की मांग करते हुए रविवार को कहा कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वह अपने बेटे की अस्थियों को विर्सिजत नहीं करेंगे.

सुभाष के पिता पवन कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैं उन्हें (सुभाष की अलग रह रही पत्नी और ससुराल वालों को) गिरफ्तार करने के लिए कर्नाटक पुलिस को धन्यवाद देता हूं. मेरे बेटे को परेशान करने वाले सभी लोगों को दंडित किया जाना चाहिए ताकि उसे न्याय मिल सके और उसकी आत्मा को शांति मिले. जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता, मैं अपने बेटे की अस्थियों का विसर्जन नहीं करूंगा.” उन्होंने कहा, ”मेरे बेटे को पैसे के लिए परेशान किया जा रहा था और उसकी पत्नी उसे अपमानित कर रही थी… मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सभी संबंधित पक्षों से अनुरोध करता हूं… कृपया हमें न्याय दिलाएं.” पुलिस ने रविवार को बताया कि अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से तथा निकिता की मां निशा सिंघानिया और उसके भाई अनुराग सिंघानिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया.

कुमार ने उनके चार वर्षीय पोते का संरक्षण उन्हें दिए जाने की मांग की है. उन्होंने कहा, “मेरा बेटा अंदर से टूट चुका था… अपनी पत्नी और ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद भी उसने किसी को इस बारे में नहीं बताया. उसके ‘सुसाइड नोट’ में यह भी लिखा था कि उसके बच्चे के संरक्षण की जिम्मेदारी उसके माता-पिता को दी जानी चाहिए.” कुमार ने कहा कि सुभाष को अपने बेटे के लिए 40,000 रुपये प्रति माह के भरण-पोषण का आदेश भी दिया गया था. उन्होंने कहा, “उसने (सुभाष की अलग रह रही पत्नी ने) हमारे और मेरे बेटे के खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज किए. मेरे बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.”

By Yogesh Kumar Sahu