चंडीगढ़/हिसार. मोहाली की एक अदालत ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार पंजाब के यूट्यूबर जसबीर सिंह को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद सिंह को अदालत में पेश किया गया था. चार जून को गिरफ्तारी के बाद उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया था जिसे बाद में दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया था. सिंह के वकील मोहित धूपर ने कहा कि उसे 23 जून को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा.
रूपनगर जिले के महलान गांव का रहने वाला जसबीर सिंह उर्फ जान महल (41) एक यूट्यूब चैनल “जान महल वीडियो” चलाता था जिसके 11 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं. वह यात्रा और खाना पकाने के वीडियो ब्लॉग पोस्ट करता था. सिंह पर पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में न्यायिक हिरासत में भेजी गयी हरियाणा की इंफ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा ??के साथ निकट संपर्क में होने का आरोप है.
हालांकि, सिंह के परिवार ने कहा कि वह निर्दोष है और दावा किया कि 10 दिनों से अधिक समय तक पुलिस के साथ सहयोग करने के बावजूद उसे गिरफ्तार किया गया. सात जून को यूट्यूबर के वकील ने कहा कि पंजाब पुलिस ने उनके मुवक्किल को 17 मई से 30 मई के बीच तलब किया है. सिंह की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने दावा किया कि उसने एक “आतंकवाद सर्मिथत जासूसी नेटवर्क” का पता लगाया है, जो उसे पाकिस्तानी खुफिया और सैन्य अधिकारियों से जोड़ता है. पुलिस ने कहा कि यूट्यूबर कथित तौर पर पाकिस्तान की इंटर-र्सिवसेज इंटेलिजेंस के लिए जासूसी कर रहा था.
पुलिस ने पहले बताया था कि सिंह एक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) से जुड़ा हुआ पाया गया था, वह पाकिस्तान उच्चायोग के एक अधिकारी के संपर्क में था, जिसे पिछले महीने जासूसी के आरोप में नयी दिल्ली से निष्कासित कर दिया गया था और उसने पड़ोसी देश की अपनी तीन यात्राओं में से एक के दौरान पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों से मुलाकात की थी. सिंह का संबंध पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से भी पाया गया जो आतंकवाद सर्मिथत जासूसी नेटवर्क का हिस्सा था.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 2020, 2021 और 2024 में तीन मौकों पर पाकिस्तान की यात्रा की और आईएसआई अधिकारियों के सीधे संपर्क में आया, जिन्होंने बाद में उसे भारत के भीतर जासूसी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए तैयार किया और भर्ती किया.
जांच से पता चला कि सिंह ने दानिश के निमंत्रण पर दिल्ली में पाकिस्तान राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लिया था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और ब्लॉगर्स से हुई थी. सिंह पर भारतीय सेना की गतिविधियों और देश की अन्य आंतरिक गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजने का आरोप है.
अदालत ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा की न्यायिक हिरासत बढ़ाई
हरियाणा की एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ा दी और उसके मामले की सुनवाई 23 जून को तय कर दी. यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा (33) सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिसार न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) सुनील कुमार की अदालत में पेश हुई, जिसने उसकी न्यायिक हिरासत दो सप्ताह के लिए बढ़ा दी.
मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने कहा, “अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है और इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 23 जून की तारीख तय की है.” हिसार पुलिस ने 16 मई को जासूसी के संदेह में मल्होत्रा को गिरफ्तार किया था. बाद में अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था, जिसे पूछताछ के लिए बाद में चार दिन और बढ़ाया गया. अदालत ने 26 मई को ज्योति मल्होत्रा को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूब पर ‘ट्रैवल विद जो’ नाम से चैनल है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति मल्होत्रा को न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया था और उसके खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज है.