ओडिशा के जंगल में एसओजी जवानों और माओवादियों के बीच गोलीबारी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 03:47 PM
ओडिशा के जंगल में एसओजी जवानों और माओवादियों के बीच गोलीबारी
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: ओडिशा पुलिस के विशिष्ट ‘विशेष अभियान समूह’ (एसओजी) ने मंगलवार को बौध जिले में माओवादियों के साथ गोलीबारी के बाद उनके एक शिविर का भंडाफोड़ किया। माओवादी विरोधी अभियान से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी उस वक्त हुई जब बौध-कंधमाल सीमा पर माटाकुपा संरक्षित वन क्षेत्र के पास सगादा में एसओजी के जवान तलाशी अभियान चला रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के केकेबीएन (कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़) मंडल से जुड़े लगभग 25 से 30 माओवादी कुछ सामान और एक अत्याधुनिक हथियार छोड़कर मौके से भाग गए। ऐसी आशंका है कि कुछ माओवादियों को चोट आई होंगी।

उन्होंने बताया कि एसओजी जवानों और माओवादियों के बीच 30 मिनट से अधिक समय तक गोलीबारी हुई।
अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी की घटना के बाद अधिक एसओजी जवानों की तैनाती के साथ तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और यह जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav