कोहरे का कहर: 300 से ज्यादा फ्लाइट्स हुई लेट, आठ को करना पड़ा रद…

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 08 Jan 2025 10:01 AM
कोहरे का कहर: 300 से ज्यादा फ्लाइट्स हुई लेट, आठ को करना पड़ा रद…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: आईजीआई एयरपोर्ट पर मंगलवार को कई ऐसे मौके आए जब दृश्यता कम होने के कारण लो विजिबिलिटी प्रोटोकाल लगाना पड़ा। विलंबित उड़ानों की बात करें तो करीब 300 उड़ानें इस दायरे में आई।

सुकून की बात यह है कि एक घंटा या इससे अधिक समय के लिए विलंबित उड़ानों की संख्या इसमें एक चौथाई से कम रही। कोई डाइवर्जन नहीं किया गया। लेकिन पटना, दरभंगा, अमृतसर व चंडीगढ़ में खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित रही।

इंडिगो व स्पाइसजेट पिछले दो दिनों से इन स्थानों में खराब मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर यात्रियों को इस बात की सलाह देता रहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से एक बार एयरलाइंस से बात कर लें। मंगलवार को इंडिगो व स्पाइसजेट दोनों को दरभंगा की एक एक उड़ानें रद करनी पड़ी। इसी तरह पटना की एक उड़ान को रद किया गया। अमृतसर व चंडीगढ़ की एक एक उड़ानें रद हुई। अन्य रद उड़ानों में देहरादून, श्रीनगर, प्रयागराज की उड़ानें शामिल हैं।

बफीर्ली हवाओं से ठिठुरन बरकरार

बफीर्ली हवाओं के चलते दिल्ली में ठिठुरन भरी ठंड का दौर मंगलवार को भी बरकरार रहा। हालांकि बहुत घना कोहरा नहीं था और दृश्यता के स्तर में भी पूर्ववर्ती दिनों की तुलना में थोड़ा सुधार दिखाई दिया। बुधवार से एक बार फिर कहीं कहीं कोल्ड डे वाले हालात देखने को मिल सकते हैं।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया हुआ है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital