देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी बेटियों को सुरक्षा, बराबरी के अवसर, सम्मान दिलाना होगा: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Oct 2022 09:10 PM
देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी बेटियों को सुरक्षा, बराबरी के अवसर, सम्मान दिलाना होगा: राहुल
ऑडियो सुनें

चित्रदुर्ग. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि ‘‘हमें देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी बेटियों को सुरक्षा, बराबरी के अवसर और सम्मान’’ दिलाना होगा. ‘अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस’ पर राहुल ने कई छात्राओं और बच्चों से उस वक्त मुलाकात की, जब वह भारत जोड़ो यात्रा के 34वें दिन हरतीकोटे से चित्रदुर्ग के सिद्धपुरा की पदयात्रा कर रहे थे.

राहुल ने रास्ते में कुछ बच्चियों से अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘ पिता की लाठी है, और मां की उम्मीद, हर घर का सहारा हैं, हमारी बेटियां. देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सबको हर हाल में इन्हें सुरक्षा, बराबरी के अवसर और सम्मान दिलाना ही होगा.’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सनिकेरे में आशा कार्यकर्ताओं, मनरेगा श्रमिकों और आंगनवाड़ी सेविकाओं तथा सहायक नर्स (एएनएम) से भी बातचीत की.

उन्होंने अपनी पदयात्रा के दौरान नागरिक समाज संस्थाओं के सदस्यों से भी मुलाकात की, जो उनके साथ यात्रा कर रहे थे. यात्रा का 34वां दिन, भारी बारिश के कारण एक घंटे देर से सुबह साढ़े सात बजे हरतीकोटे से शुरू हुआ. हालांकि, पदयात्री कार्यक्रम के मुताबिक 14 किमी की पदयात्रा कर सनिकेरे स्थित सुबह के विश्राम स्थल पर पहुंचे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी से मिलने और उनके साथ चलने के लिए सभी वर्गों के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है.

राहुल ने हरतीकोटे से सुबह में जब पदयात्रा शुरू की, कुछ बच्चे उनके पास दौड़ते हुए आए और उनसे मिले. उन्होंने यात्रा के दौरान कुछ छात्राओं और कुछ आदिवासी लड़कियों से भी मुलाकात की. समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए शाम में कुछ मिनट के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज भारत जोड़ो यात्रा का 34वां दिन था और शाम की यात्रा शुरू होने पर चित्रदुर्ग में चल्लकेरे के पास आसमान में बादलों का घुमड़ना शुरू हो गया.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu