तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव को अस्पताल से मिली छुट्टी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Dec 2023 08:33 PM
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव को अस्पताल से मिली छुट्टी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को कूल्हा प्रतिरोपण सर्जरी के बाद शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
उनके एक करीबी सूत्र ने बताया कि राव अस्पताल से यहां नंदी नगर स्थित अपने आवास पर जा रहे हैं. केसीआर के नाम से मशहूर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख राव का आठ दिसंबर को यहां एक निजी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में बाएं कूल्हे का सफल प्रतिरोपण हुआ था. इससे पहले अपने निवास पर गिर जाने से उनके कूल्हे में ‘फ्रैक्चर’ हो गया था.

बीआरएस की विधान परिषद सदस्य और राव की बेटी के. कविता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके पिता को सफलतापूर्वक सर्जरी होने के बाद आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है. चिकित्सकों, नर्स और अस्पताल र्किमयों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा, ”इस मुश्किल वक्त के दौरान देशभर से जो प्यार हमें मिला, वह केसीआर जी और पूरे परिवार के लिए काफी सुखद है. पूरे बीआरएस परिवार की ओर से मेरा प्यार और आभार.” अस्पताल के प्राधिकारियों ने तब बताया था कि राव के छह से आठ हफ्तों में स्वस्थ होने की उम्मीद है.

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उनके कुछ मंत्रिमंडल सहयोगी, तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, अभिनेता चिरंजीवी और अभिनेता प्रकाश राज उन नेताओं तथा प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं जो राव की खैरियत जानने के लिए अस्पताल गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu