गौतम गंभीर और ओवल के क्यूरेटर के बीच तीखी बहस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Jul 2025 07:45 PM
गौतम गंभीर और ओवल के क्यूरेटर के बीच तीखी बहस
ऑडियो सुनें

लंदन. भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर और ओवल मैदान के मुख्य क्यूरेटर ली फोर्टिस के बीच तीखी बहस हो गई और गंभीर को मैदानर्किमयों की ओर ऊंगली उठाकर यह कहते सुना गया ,” तुम नहीं बताओगे कि हमें क्या करना है.” ओवल पर भारत और इंग्लैंड के बीच बृहस्पतिवार से पांचवां और आखिरी टेस्ट खेला जायेगा . मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट में हार की कगार पर पहुंचकर ड्रॉ कराने वाली भारतीय टीम ने दो दिन पहले अभ्यास शुरू कर दिया है .

भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया कि उनकी टीम को ‘विकेट से 2.5 मीटर दूर’ खड़े होने के लिए कहे जाने के बाद यह कहासुनी हुई. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम इस मामले में हालांकि कोई शिकायत दर्ज नहीं कराएगी. कोटक ने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो मैदान के एक कर्मचारी ने आकर कहा कि (हमें) विकेट से 2.5 मीटर दूर खड़ा होना है और ‘रस्सी के बाहर से विकेट को देखना है. मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा.” उन्होंने आगे कहा, ”इसके लिए किसी शिकायत की जरूरत नहीं है.”

कोटक ने बताया कि भारतीय टीम के सदस्यों ने स्पाइक्स (खिलाड़ियों के द्वारा इस्तेमाल की जाने वाले कील वाले जूते) नहीं पहने थे, इसलिए पिच को कोई खतरा नहीं था.” उन्होंने कहा, ”इस मैच से पहले हमें पता था कि क्यूरेटर के साथ काम करना आसान नहीं है. किसी चीज से लगाव होना अच्छा है, लेकिन बहुत ज्यादा लगाव होना अच्छा नहीं है. हमने जॉगर्स (सामान्य जूते) पहने थे, स्पाइक्स नहीं, इसलिए कोई खतरा नहीं था.” अभ्यास सत्र के दौरान गंभीर और क्यूरेटर के बीच की बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है . भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को बीच बचाव करना पड़ा था .

यह बहस तब शुरू हुई जब फोर्टिस ने गंभीर से कहा, ”मुझे इसकी शिकायत करनी होगी’ और इस पर भारतीय मुख्य कोच ने तीखे तेवर दिखाते हुए जवाब दिया, ‘आपको जो शिकायत करनी है, आप जाकर कर सकते हैं.” बल्लेबाजी कोच कोटक ने बीच बचाव किया और फोर्टिस को दूसरे कोने पर ले जाकर उनसे लंबी बात की . कोटक ने इस दौरान कहा, ”हम किसी चीज को नुकसान नहीं पहुंचायेंगे. ” मोर्ने मोर्कल और रियान टेन डोइशे जैसे भारतीय टीम के अन्य सहयोगी स्टाफ दोनों की बहस को ध्यान से सुन रहे थे.

गंभीर फिर फोर्टिस की तरफ मुडे और उन्होंने कहा, ”तुम नहीं बताओगे कि हमें क्या करना है. तुम मैदानर्किमयों में से एक हो, उससे ज्यादा कुछ नहीं.” इसके बाद फोर्टिस और गंभीर अलग अलग रास्ते चले गए लेकिन गंभीर अभ्यास सत्र के लिये लौटे. फोर्टिस ने मैदान से बाहर निकलते समय कहा, ” यह बड़ा मैच है और वह थोड़े भावुक हैं.” अभ्यास के लिये सबसे पहले साइ सुदर्शन पहुंचे जबकि बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी अभ्यास करते देखा गया. बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी मोर्केल की देखरेख में गेंदबाजी अभ्यास करते देखे गये.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu