गहलोत ने मोदी की तारीफ नहीं की, उन्हें आईना दिखाया : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Nov 2022 10:30 PM
गहलोत ने मोदी की तारीफ नहीं की, उन्हें आईना दिखाया : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘बड़ाई किये जाने’ के संदर्भ में सचिन पायलट के बयान को लेकर बुधवार को कहा कि गहलोत ने भरे मंच से प्रधानमंत्री की तारीफ नहीं की, बल्कि उन्हें आईना दिखाया.
हालांकि पायलट का कहना है कि मोदी ने गहलोत की तारीफ की जो एक रोचक घटनाक्रम है.

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इससे जुड़े सवाल पर संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने वहां पर जरूर कहा कि सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री हैं. ये सच है कि वह सबसे अनुभवी मुख्यमंत्री हैं . लेकिन अशोक गहलोत जी ने जब उसी मंच से भरी भीड़ के सामने ये कहा कि मोदी जी का सम्मान विदेश में इसलिए होता है क्योंकि वो गांधी के देश से आते हैं. वो ऐसे देश से आते हैं, जो

नेहरु, मौलाना आजाद, चंद्रशेखर आजाद, सरदार पटेल का देश है, बाबा साहब का देश है, जहाँ पर लोकतंत्र की जड़ें 70 साल बाद भी बड़ी मजबूत है. ” उन्होंने कहा, “मुझे तो ऐसा लगता है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भरी सभा में मोदी जी को आईना दिखाने का काम किया है. वही लोकतंत्र जिसको मोदी जी रह-रह कर क्षण-क्षण क्षीण करते हैं, उसी लोकतंत्र का उल्लेख करके गांधी और नेहरु के उस देश का उल्लेख करके आईना दिखाया.”

सुप्रिया ने इसी से जुड़े एक अन्य सवाल के जवाब में कहा, ”  भरी सभा में मैं अपने बगल वाले को बोलूंगी कि आपकी इज्जत आपसे नहीं है, आपकी इज्जत इसलिए है क्योंकि आप ऐसे देश से आते हैं, जो गांधी जी का देश है, नेहरु जी का देश है, आम्बेडकर जी का देश है, जहाँ पर लोकतंत्र मजबूत है. मुझे तो लगता है ये तो बड़ी बेइज्जती वाली बात हो गई, पता नहीं किसको इसमें इज्जत नजर आ रही है. ” राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मुख्यमंत्री गहलोत की ‘बड़ाई’ किए जाने पर कटाक्ष करते हुए बुधवार को इसे ‘रोचक घटनाक्रम’ बताया और पार्टी आलाकमान से राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर ‘अनिर्णय’ की स्थिति को समाप्त करने के लिये कहा.

इसके साथ ही पायलट ने सितंबर में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक का बहिष्कार करते हुए गहलोत के समर्थन में विधायकों के शक्ति प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले राजस्थान के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया. उल्लेखनीय है कि मोदी बांसवाड़ा के पास मानगढ़ धाम में ‘मानगढ़ धाम की गौरव गाथा’ कार्यक्रम में भाग लेने गए थे. तब उन्होंने कहा था ‘‘मुख्यमंत्री के नाते अशोक गहलोत जी और हम साथ साथ काम करते रहे हैं और अशोक जी हमारे जो मुख्यमंत्रियों की जमात थी उसमें सबसे वरिष्ठ थे.. सबसे वरिष्ठ मुख्यमंत्रियों में हैं और अब भी हम जो मंच पर बैठे है उसमें भी अशोक जी सीनियर मुख्यमंत्रियों में से एक हैं.’’

शीला ने किया था आवास योजना का उद्घाटन, मोदी सरकार में छह साल विलंब हुआ

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली के कालकाजी इलाके में आवासों का उद्घाटन किए जाने की पृष्ठभूमि में बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए शीला दीक्षित ने 2013 में इस आवासीय योजना का उद्घाटन किया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकर ने इसमें छह साल का विलंब कर दिया और आवंटित बजट में 68 प्रतिशत की वृद्धि भी कर दी. पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके किसी विधायक ने योजना के विलंब को लेकर एक बार भी सवाल नहीं किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में झुग्गी-झोपड़ीवासियों के पुनर्वास के लिए नवनिर्मित 3,024 ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासों का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को घर की चाबी सौपीं. सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये 3024 वो फ्लैट हैं जो ‘इन सिटू स्कीम’ (झुग्गी के स्थान पर ही आवास) योजना के तहत बनाए गए हैं, जिनका शिलान्यास 18 सितंबर 2013 को पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी ने किया था.’’

उनके अनुसार, इस योजना के तहत कुल 8064 घर बनने थे. इसके पहले चरण में 3024 घर बनने थे जो 2013 में शुरू होता और 2016 में ख़त्म हो जाता. लेकिन पहला चरण 2022 के आखिर में पूरा हुआ है. इसमें छह साल का विलंब हुआ.’’ सुप्रिया ने दावा किया, ‘‘इसकी कुल लागत 206 करोड़ थी जो अब 345 करोड़ में बना है.’’ कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘डीडीए में आम आदमी पार्टी के विधायक भी शामिल थे. लेकिन क्या आपने एक बार भी इस देरी के लिए उनके मुंह से कोई शब्द सुना है? केजरीवाल और उनके विधायक ने कुछ नहीं कहा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu