गिल ‘विशेष खिलाड़ी’, भविष्य में मिल सकता है कप्तानी का दारोमदार: विलियमसन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Mar 2023 08:37 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने भारतीय सलामी बल्लेबाल शुभमन गिल को ‘विशेष खिलाड़ी’ करार देते हुए उम्मीद जतायी कि उन्हें भविष्य में भारत और गुजरात टाइटन्स का नेतृत्व करने का मौका मिलेगा. विलियमसन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परिपक्व होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिल जायेगी.

विलियमसन ने बुधवार को कहा, ‘‘ गिल के लिए यह एक अविश्वसनीय वर्ष था, लेकिन आप हमेशा इसे महसूस कर सकते है कि यह सिर्फ समय के बारे में है. हमने पिछले कुछ वर्षों में देखा है कि उनके पास कमाल की काबिलियत है.’’ न्यूजीलैंड के इस मुख्य बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ वह युवा और अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी है. उन्हें आने वाले समय में उन कप्तानों से अनुभव हासिल करना होगा जिनकी देखरेख में वह खेलेंगे.’’ विलियमसन ने कहा कि वह आईपीएल में ‘इंपैक्ट खिलाड़ी’ के नियम से रोमांचित है. उन्होंने कहा कि इससे टीम को एकादश चयन के लिए अधिक दिमाग लगाना होगा.

उन्होंने कहा, ‘‘ इससे काफी बदलाव आयेगा.  जब आप टीमों का चयन कर रहे होते हैं, तो आप हमेशा किसी न किसी भूमिका पर ध्यान देते है. यह सभी के लिए नया है. यह देखना होगा कि इसका इस्तेमाल कैसे होता है. उन्होंने कहा, ‘‘ यह ऐसा नियम है जिसका सभी टीम अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना चाहेंगी. इसे देखना रोमांचक होगा.’’ विलियमसन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 2018 सत्र के फाइनल में पहुंची थी. पिछले सत्र में खराब प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया. पिछले साल दिसंबर में उन्होंने राष्ट्रीय टीम की कप्तानी को भी छोड दिया था.

उन्होंने कहा, ‘‘ इससे (कप्तानी छोड़ने) आप खेल के दौरान दिमाग लगाना बंद नहीं करते है. जब आप मैदान में होते हैं, तो आप टीम के लिए जितना हो सके उतना अच्छा करने की कोशिश कर रहे होते हैं. आप अपने विचारों से दूसरों की मदद कर सकते है .’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu