यूक्रेन में पश्चिम की अधिक भागीदारी से दुनिया के सामने परमाणु संघर्ष का खतरा पैदा हो जाएगा: पुतिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Feb 2024 10:16 PM
यूक्रेन में पश्चिम की अधिक भागीदारी से दुनिया के सामने परमाणु संघर्ष का खतरा पैदा हो जाएगा: पुतिन
ऑडियो सुनें

मॉस्को/कीव. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में रूसी लक्ष्यों को हासिल करने का बृहस्पतिवार को संकल्प लिया और पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि यूक्रेन में और अधिक भागीदारी से वैश्विक परमाणु संघर्ष का खतरा बढ़ जाएगा. पुतिन ने अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले राष्ट्र के नाम संबोधन में यह बात कही.

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि भविष्य में यूक्रेन में पश्चिमी देशों के सैनिकों की तैनाती से इनकार नहीं किया जा सकता. पुतिन ने मैक्रों के बयान का जिक्र करते हुए आगाह किया कि जो देश ऐसा करने का फैसले लेंगे उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

पुतिन ने कहा कि रूस पर, यूरोप में नाटो सहयोगियों पर हमला करने की योजना का आरोप लगाकर पश्चिमी देश “हमारे क्षेत्र पर हमला करने के लिए निशाने चुन रहे हैं.” रूसी राष्ट्रपति ने कहा, “हमें उनका भाग्य याद है जिन्होंने हमारे देश के क्षेत्र में अपनी सेना भेजी थी. अब संभावित आक्रमणकारियों के लिए परिणाम कहीं अधिक दुखद होंगे.” पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देशों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि हमारे पास भी ऐसे हथियार हैं, जो उनके क्षेत्र को निशाना बना सकते हैं.

पुतिन ने कहा कि अब वे (पश्चिमी देश) जो सुझाव दे रहे हैं और दुनिया को डरा रहे हैं, उससे परमाणु संघर्ष का वास्तविक खतरा पैदा होता है, जिसका परिणाम हमारी सभ्यता का विनाश होगा. उन्होंने यूक्रेन में युद्ध के बीच रूस के सैनिकों की सराहना की और कुछ देर मौन धारण करके युद्ध में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी.

पुतिन रूस में 15 से 17 मार्च के बीच होने वाला राष्ट्रपति चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे. इस चुनाव में उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है. पुतिन के मुखर आलोचक माने जाने वाले एलेक्सी नवेलनी का हाल में निधन हो गया था. वह आतंकवाद के आरोप में 19 वर्ष के कारावास की सजा काट रहे थे. शुक्रवार को नवेलनी का अंतिम संस्कार किया जाएगा.

इस बीच, रूसी बल पूर्वी और दक्षिणपूर्वी यूक्रेन में अधिक यूक्रेनी कस्बों और गांवों को अपने कब्जे में लेने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं. यूक्रेन के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को राजधानी कीव में यह जानकारी दी. यूक्रेन ने दावा किया कि रूस की सेना के आगे बढ़ने के बीच दो सप्ताह से भी कम समय में उसने 11 रूसी युद्धक विमानों को मार गिराया है. यूक्रेन की वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इहनाट ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर कहा, “दुश्मन ने पूर्वी यूक्रेन में अपनी हवाई उपस्थिति बढ़ा दी है, जिसके बाद हमारे शीर्ष सैन्य नेतृत्व ने पलटवार किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu