ग्रीन और मधवाल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई को दिलायी यादगार जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 May 2023 08:04 PM
ग्रीन और मधवाल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई को दिलायी यादगार जीत
ऑडियो सुनें

मुंबई. आकाश मधवाल (37 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद कैमरून ग्रीन की नाबाद आतिशी शतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को 12 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी.

हैदराबाद ने मयंक अग्रवाल की 83 रन पारी के साथ शुरुआती विकेट के लिए विवरांत शर्मा (69) के साथ 83 गेंद में 140 रन की साझेदारी से पांच विकेट पर 200 रन बनाये थे. मुंबई ने 18 ओवर में दो विकेट गंवा पर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत से मुंबई के 14 मैचों में 16 अंक हो गये और प्लेऑफ के टिकट के लिए उसे गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के बीच खेले जाने वाले मैच के परिणाम का इंतजार करना होगा. आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

ग्रीन ने 47 गेंद की नाबाद पारी में आठ चौके और इतने ही छक्के लगाने के साथ कप्तान रोहित शर्मा (37 गेंद में 56 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 गेंद में 128 रन और सूर्यकुमार यादव (16 गेंद में नाबाद 25 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी की. रोहित ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया जबकि सूर्यकुमार यादव ने चार चौके जड़े. हैदराबाद के लिए सिर्फ भुवनेश्वर कुमार (चार ओवर में 26 रन पर एक विकेट) ही गेंद से प्रभाव छोड़ सके.

इससे पहले मयंक ने 46 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाये तो वहीं विवरांत ने 47 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाये. इन दोनों का विकेट मधवाल ने लिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए इशान किशन (12 गेंद में 14 रन) ने दूसरे ओवर में नीतिश रेड्डी के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर आक्रामक तेवर दिखाये लेकिन वह अगले ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर हैरी ब्रुक को कैच दे बैठे.

कैमरून ग्रीन ने पहली ही गेंद पर चौका लगाने के बाद पांचवें ओवर में नीतिश रेड्डी, छठे ओवर में कार्तिक त्यागी के खिलाफ एक-एक छक्का और सातवें ओवर में मयंक डागर के खिलाफ दो छक्के जड़ दिये. नेट रन रेट बेहतर करने की कोशिश में रोहित ने नौवें ओवर में विवरांत के नो बॉल पर छक्का जड़ा. ग्रीन ने इसी ओवर में छक्के के साथ 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद एक रन के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया.

रोहित ने अगले ओवर में उमरान मलिक के खिलाफ हैट्रिक चौका जड़ दिया. ग्रीन ने 11वें ओवर में चौका लगाने के बाद एक रन के साथ महज 51 गेंद में रोहित के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की. अगले ओवर में त्यागी पर चौके के साथ रोहित ने 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. इसी ओवर में सनवीर ने रोहित का आसान कैच टपका दिया. ग्रीन से 13वें ओवर में दो छक्के खाने के बाद नीतिश रेड्डी ने अगले ओवर में डागर की गेंद पर हवा में छलांग लगाकर रोहित का शानदार कैच लपका.

सोलहवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये उमरान मलिक के खिलाफ ग्रीन ने चौका और छक्का तथा सूर्यकुमार ने दो चौके लगाकर 20 रन बटोरे और मुंबई की जीत के करीब पहुंचा दिया. ग्रीन ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर पर एक रन के साथ अपना आईपीएल में अपना पहला सैकड़ा पूरा किया और टीम को यादगार जीत दिला दी.

टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला करने के बाद मुंबई के गेंदबाजों ने शुरुआती दो ओवर में रन बनाने का मौका नहीं दिया. मयंक ने जेसन बेहरेनडॉर्फ और मधवाल के खिलाफ तीसरे और पांचवें ओवर में दो- दो चौके के साथ हाथ खोला. विवरांत ने यही कारनामा चौथे और छठे ओवर में क्रिस जॉर्डन (42 रन पर एक विकेट) और पीयूष चावला के खिलाफ कर पहले विकेट के लिए पावरप्ले में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की.

इस दौरान पांचवें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने मयंक को रन आउट करने का आसान मौका गंवा दिया. विवरांत ने मैच का पहला छक्का आठवें ओवर में पीयूष के खिलाफ लगाया. उन्होंने 10वें ओवर में जॉर्डन के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके के बाद एक रन लेकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया. मयंक ने 11वें ओवर में कार्तिकेय के खिलाफ चौका जड़कर टीम के रनों का शतक पूरा किया. उन्होंने बेहरेनडॉफ के खिलाफ 13वें और मधवाल के खिलाफ 14वें ओवर में छक्का लगाया.

मधवाल ने हालांकि इसी ओवर में विवरांत को आउट कर मुंबई को पहली सफलता दिलायी. शानदार लय में चल रहे हेनरिच क्लासेन (13 गेंद में 18 रन) ने क्रीज पर आते ही चौके से खाता खोला. मयंक ने इसके बाद कार्तिकेय और पीयूष के खिलाफ छक्के लगाकर टीम के रन गति को बढ.ाया. वह 17वें ओवर में मधवाल का दूसरा शिकार बने. उनके आउट होने के बाद हैदराबाद के बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सके.

जॉर्डन ने अगले ओवर में ग्लेन फिलिप्स (चार गेंद में एक रन) को चलता किया तो वहीं मधवाल ने लगातार गेंदों पर क्लासेन और हैरी ब्रुक (शून्य) को बोल्ड कर सनराइजर्स की रन गति पर लगाम लगायी. टीम 17वें से 19वें ओवर तक महज 18 रन ही बना सकी. आखिरी ओवर में कप्तान एडेन मार्कराम (नाबाद 13) ने छक्का जड़कर टीम के स्कोर को 200 रन तक पहुंचाया.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu