यदि कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आती है तो GST की समीक्षा की जायेगी: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Oct 2022 10:13 PM
यदि कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आती है तो GST की समीक्षा की जायेगी: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि अगर पार्टी केंद्र की सत्ता में आती है तो वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पर फिर से विचार किया जाएगा. गांधी ने महबूबनगर जिले में अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा दोषपूर्ण जीएसटी व्यवस्था और 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नोटबंदी संबंधी फैसले ने छोटे और मध्यम व्यवसायों को बर्बाद कर दिया.

उन्होंने कहा, ‘‘जब हमारी सरकार केंद्र में सत्ता संभालेगी, तो हम जीएसटी पर फिर से विचार करेंगे और केवल एक टैक्स (स्लैब) होगा, न कि पांच (स्लैब).’’ उन्होंने वादा किया कि अगर तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में आती है, तो आदिवासियों के लाभ के लिए वन अधिकार अधिनियम को पूरी तरह से लागू किया जाएगा.

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, जिन्हें केसीआर के नाम से भी जाना जाता है, को राज्य का ‘राजा’ करार देते हुए गांधी ने कहा कि केसीआर का मकसद तेलंगाना के लोगों की जमीन और पैसा हड़पना है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) मिलकर काम करते हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए सभी विधेयकों का समर्थन करते हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ भाजपा नफरत फैला रही है और दूसरी तरफ टीआरएस उसका समर्थन करती है. भाजपा जो चाहती है उसे टीआरएस लोकसभा और राज्यसभा में पूरा करती है.’’ गांधी ने दावा किया कि बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है और युवा, अपनी शिक्षा पर लाखों रुपये खर्च करने के बाद अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं.

उन्होंने कहा कि वह अपने मार्च के दौरान आज हथकरघा बुनकरों से मिले और उन्हें पता चला कि जीएसटी ने उनका जीवन बर्बाद कर दिया है. उन्होंने कहा कि हालांकि यात्रा के दौरान प्रतिदिन सात या आठ घंटे पैदल चलना आसान नहीं है, लेकिन लोगों द्वारा दिखाये गये प्यार और स्रेह से ऐसा संभव हो पाता है.

उम्मीद है कि ट्विटर भारत सरकार के दबाव में आकर विपक्ष की आवाज नहीं दबाएगा: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर का नया मालिक बनने पर एलन मस्क को बधाई दी और उम्मीद जताई कि अब यह माइक्रो-ब्लाॅगिंग मंच नफरत भरे भाषणों (हेट स्पीच) के खिलाफ कार्रवाई करेगा तथा भारत में सरकार के दबाव में आकर विपक्ष की आवाज नहीं दबाएगा.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘एलन मस्क को बधाई. मैं आशा करता हूं कि ट्विटर अब नफरत भरे भाषणों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, तथ्यों की जांच ज्यादा सटीक ढंग से करेगा और भारत में सरकार के दबाव के चलते विपक्ष की आवाज को नहीं दबाएगा.’’ विश्व के सबसे अमीर व्यक्ति और इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सोशल मीडिया मंच ट्विटर के नए मालिक बन गए हैं. जिम्मेदारी संभालने के साथ ही उन्होंने ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल, मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) नेड सहगल और कानूनी मामलों एवं नीति प्रमुख विजया गड्डे को हटा दिया है.

राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक ग्राफ भी साझा किया जिसमें दर्शाया गया है कि उनके ट्विटर अकाउंट के साथ ‘छेड़छाड़ की गई.’ पिछले साल अगस्त में दिल्ली में दलित बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या मामले में उसके परिजन की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट कुछ दिनों के लिए ‘लॉक’ किया गया था और ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया था. साथ ही ट्विटर ने कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद कर दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu