गुजरात : भाजपा ने मोदी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक शब्दों’ के इस्तेमाल पर कांग्रेस को बनाया निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Nov 2022 08:15 PM
गुजरात : भाजपा ने मोदी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक शब्दों’ के इस्तेमाल पर कांग्रेस को बनाया निशाना
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘रावण’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर हमले तेज कर दिए और कहा कि प्रदेश की जनता विपक्षी पार्टी को करारा जवाब देगी.

यहां एक रोड शो के दौरान भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि खरगे की टिप्पणी और एक अन्य कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री के मोदी के खिलाफ ‘औकात’ बता देने संबंधी बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की हताशा को भी दर्शाता है क्योंकि कांग्रेस कहीं भी नहीं है और भाजपा को पूरे राज्य में जनता का समर्थन मिल रहा है.

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में अब तक स्वीकार नहीं कर सके हैं और इसीलिए अक्सर आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता उनके इशारों पर ही मोदी पर निशाना साधते हैं.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लोकतंत्र में कोई भी नेता ऐसी भाषा का इस्तेमाल करता है तो उसे र्शिमंदगी महसूस करनी चाहिए. भारत के लोग मोदी से प्यार करते हैं और उनपर विश्वास करते हैं.’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गुजरात के लोग उन व्यक्तियों को करारा जवाब देंगे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो ‘‘गुजरात का सम्मान और गौरव हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा गांधी और सरदार पटेल जहां 20वीं सदी में गुजरात के सम्मान और गौरव के प्रतीक थे, वहीं हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21वीं सदी में गुजरात के सम्मान और गौरव के रूप में उभरे हैं. और आज, हमारे प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है.’’ गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से 89 पर बृहस्पतिवार को पहले चरण में मतदान होगा. सिंह ने कहा कि अन्य विपक्षी दल भी प्रधानमंत्री के खिलाफ निराधार आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि किसी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल स्वस्थ लोकतंत्र को नहीं दर्शाता है. गुजरात में सोमवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री सभी चुनावों में लोगों से ‘‘उनका चेहरा देखकर वोट करने’’ के लिए कहते हैं. खरगे ने पूछा था, ‘‘क्या आप रावण की तरह 100 सिर वाले हैं.’’ खरगे की टिप्पणी को भाजपा ने गुजरात के लोगों का अपमान करार दिया था.

सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह सिर्फ खड़गे की नहीं बल्कि पूरे कांग्रेस नेतृत्व की मानसिकता का प्रतिंिबब है.’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद एक संस्था होता है. सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का पद सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं है, यह एक संस्था है. मुझे विश्वास है कि गुजरात के सम्मान और गौरव के प्रतीक प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने वालों को गुजरात की जनता करारा जवाब देगी.’’ भाजपा ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ पूर्व में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर एक वीडियो भी साझा किया है.

कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया, मोदी ने आदिवासी गौरव का संरक्षण किया: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस पर आदिवासियों के समृद्ध इतिहास के संरक्षण के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिशा में ठोस कदम उठाये. शाह गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में महीसागर जिले के कडाणा गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे. जिले की विधानसभाओं में मतदान चुनाव के दूसरे चरण में पांच दिसंबर को होगा.

शाह ने कहा, ‘‘आजादी के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं जिन्होंने आदिवासियों के गौरव और विरासत के संरक्षण के लिए काम किया. प्रधानमंत्री मोदी ने ही 2021 में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी.’’ उन्होंने कहा कि मुंडा और अन्य कई आदिवासी नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई है लेकिन उन्हें कांग्रेस के शासन में उचित श्रेय नहीं मिला.

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘‘जब तक कांग्रेस सत्ता में रही, उसने आदिवासियों के समृद्ध इतिहास को बचाने के लिए कुछ नहीं किया. जैसे ही मोदी प्रधानमंत्री बने, उन्होंने घोषणा की कि देशभर में 10 आदिवासी संग्रहालयों का निर्माण कराया जाएगा.’’ आदिवासी समुदाय से आने वालीं द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति के रूप में चुनाव का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल के अपने शासन में कभी इस समुदाय से किसी को शीर्ष संवैधानिक पद पर बैठाने के बारे में नहीं सोचा. शाह ने कहा कि गुजरात में भाजपा सरकार ने नर्मदा जिले में बिरसा मुंडा जनजातीय विश्वविद्यालय और पंचमहल जिले के गोधरा में गोंिवद गारू विश्वविद्यालय का निर्माण कराके आदिवासी नायकों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है.

 

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu