गुजरात के परिणाम अपेक्षा अनुरूप, लेकिन देश का मिजाज नहीं बताते: शरद पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Dec 2022 07:57 PM
गुजरात के परिणाम अपेक्षा अनुरूप, लेकिन देश का मिजाज नहीं बताते: शरद पवार
ऑडियो सुनें

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम अपेक्षा के अनुरूप ही आए हैं, लेकिन यह देश का मिजाज नहीं झलकाते. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हो रही मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 182 सीटों में से 42 सीटों पर जीत और 115 पर बढ़त के साथ ऐतिहासिक जीत की ओर है.

राकांपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए पवार ने कहा, ‘‘गुजरात चुनाव अपेक्षा के अनुरूप आए क्योंकि एक राज्य विशेष के लिए सत्ता के पूरे तंत्र को लगा दिया गया और परियोजनाएं वहां भेज दी गयीं.’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘गुजरात चुनाव के परिणाम देश का मिजाज नहीं बताते . दिल्ली में नगर निगम और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम से यह साबित हो गया है, जहां भाजपा हार गयी.’’

गुजरात चुनाव में क्या भाजपा व आप के बीच मौन समझौता था : राउत

शिवसेना के उद्धव ठाकरे नीत धड़े के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम उम्मीदों के अनुरुप हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों को संदेह है कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच कोई मौन समझौता था. गुजरात विधानसभा चुनाव में मतों की गिनती सुबह शुरू हुई और अब तक के रुझानों से संकेत मिलता है कि भाजपा एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. भाजपा गुजरात में 1995 के बाद से एक भी विधानसभा चुनाव नहीं हारी है.

राउत ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि अगर आप और अन्य दल एक साथ आते, वे गठबंधन करते या किसी समझौता पर पहुंचते, तो भाजपा के लिए यह कठिन मुकाबला होता. उन्होंने कहा, “गुजरात के नतीजे उम्मीदों के अनुरुप हैं.” राउत ने दोनों दलों के बीच मौन समझौता होने का शक जताते हुए कहा, ‘‘ लोगों में संदेह है कि ऐसा हुआ होगा कि आप (आप) दिल्ली ले लें और गुजरात हमारे (भाजपा) लिए छोड़ दें.” वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में आप की जीत का जिक्र कर रहे थे. राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि एमसीडी चुनाव में आप की जीत ‘सराहनीय’ है.

उन्होंने कहा, “भाजपा जैसी पार्टी से दिल्ली छीन लेना आसान नहीं है.” राउत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी बचाव किया जो गुजरात चुनाव के दौरान अपनी पार्टी के प्रचार अभियान से लगभग अनुपस्थित थे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है. राउत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस उम्मीद के मुताबिक कड़ी टक्कर दे रही है. उन्होंने इसे सकारात्मक बताया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu