दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आंधी के बाद झमाझम बारिश

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 23 Jun 2026 04:28 PM
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आंधी के बाद झमाझम बारिश
ऑडियो सुनें

दिल्ली एनसीआर: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी समेत नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चली, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे मौसम सुहावना हो गया और बारिश की संभावना बढ़ गई। वहीं राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गुरुग्राम और नोएडा में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और धूल भरी आंधी के कारण अंधड़ जैसे हालात बन गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं फरीदाबाद में दोपहर बाद बादल छाने और धूल भरी हवाएं चलने से उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से हल्की ठंडक महसूस हुई और बारिश की संभावना भी बढ़ गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी के अधिकांश हिस्सों में तेज गरज-चमक, बिजली गिरने और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

आईएमडी ने अपनी ‘नाउकास्ट’ चेतावनी (कम समय के लिए जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान) में दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों को रेड अलर्ट के दायरे में रखा है। रेड अलर्ट का मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav