शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार शाम को कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुरू हुई. बैठक अभी जारी है. उम्मीद की जा रही है कि विधायक एक प्रस्ताव पारित कर विधायक दल का नेता चुनने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत कर सकते हैं. विधायक दल का नेता अगला मुख्यमंत्री होगा. मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के शक्ति प्रदर्शन के बीच यहां कांग्रेस कार्यालय में बैठक शुरू हुई.
पार्टी की प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह, निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव अभियान समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे, जिन्होंने उनके पक्ष में नारे लगाए. कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीट पर जीत दर्ज की है. विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था और बृहस्पतिवार को परिणाम घोषित हुए. कांग्रेस के दो पर्यवेक्षक- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा- और हिमाचल प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी राजीव शुक्ला बैठक में शामिल हुए.