उम्मीद है, असल परिणाम एग्जिट पोल के बिल्कुल उलट होंगे: सोनिया गांधी

नयी दिल्ली. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव के असल परिणाम ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के अनुमान से बिल्कुल विपरीत होंगे. सोनिया ने यहां ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”हमें प्रतीक्षा करनी होगी. बस, इंतजार कीजिए और देखिए.” उन्होंने कहा, ”हमें पूरी उम्मीद है कि एग्जिट पोल में जो दिखाया जा रहा है, नतीजे उसके बिल्कुल विपरीत होंगे.” पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से सवाल किया गया था कि चार जून को घोषित होने जा रहे नतीजों से उन्हें क्या उम्मीद है? उन्होंने यह टिप्पणी द्रमुक कार्यालय में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद की.

अधिकतर ‘एग्जिट पोल’ में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. अधिकतर सर्वेक्षणों में राजग को 350 से अधिक सीट मिलने की संभावना जताई गई है. अगर असल परिणाम भी एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक रहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगाता तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ सत्ता संभालेंगे. कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दलों ने एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है और दावा किया है कि विपक्षी गठबंधन अगली सरकार बनाएगा.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा था, ”इसे एग्जिट पोल नहीं कहा जाता है बल्कि इसका नाम ‘मोदी मीडिया पोल’ है. यह मोदी जी का पोल है, यह उनका ‘फैंटेसी पोल’ है.” कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन 295 से अधिक सीटें जीतेगा और सरकार बनाएगा.

करुणानिधि की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने कहा, ”डॉ कलैंग्नार करुणानिधि की 100वीं जयंती के शुभ अवसर पर द्रमुक के अपने सहयोगियों के साथ यहां आना मेरे लिए खुशी की बात है.” उनका कहना था, ”मुझे कई मौकों पर उनसे मिलने, उनकी बातें सुनने और उनकी ज्ञान भरी बातों और सलाह से लाभ उठाने का सौभाग्य मिला. मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं उनसे मिली थी.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button