46 रन पर टीम को आउट होते देखकर दुखी हूं : रोहित शर्मा

बेंगलुरू. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने स्वीकार किया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन टीम को 46 रन के न्यूनतम स्कोर पर सिमटते देखकर वह ‘दुखी’ हैं. बारिश के कारण पहले दिन का खेल रद्द होने के बाद दूसरे दिन रोहित ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया . भारत की पारी 31 . 2 ओवर में सिमट गई और पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके. रोहित ने दूसरे दिन के खेल के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,”बतौर कप्तान 46 रन का स्कोर देखकर दुखी हूं क्योंकि पहले बल्लेबाजी का फैसला मेरा था . लेकिन साल में एक या दो खराब फैसले चलते हैं .” इससे पहले भारत में टीम का न्यूनतम टेस्ट स्कोर 75 रन था जो 1987 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में बनाया था .

पंत के घुटने में सूजन है लेकिन उम्मीद है कि वह कल खेलेंगे: रोहित

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि ऋषभ पंत के घुटने में चोट लगने के बाद सूजन आ गई है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन मैदान पर वापसी कर सकेगा. पंत न्यूजीलैंड की पहली पारी के 37वें ओवर में रविंद्र जडेजा की स्पिन गेंद को नहीं पकड़ पाए जो ‘ओवर द विकेट’ से गेंदबाजी कर रहे थे और यह उनके घुटने पर लगी. वह जल्द ही लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए और उनकी जगह ध्रुव जुरेल मैदान में उतरे. गेंद उनके बाएं पैर के घुटने पर लगी जिसकी 2022 में उस कार दुर्घटना के बाद कई सर्जरी की गई थीं. इससे यह चोट गंभीर लग रही थी.

रोहित ने दिन के बाद प्रेस कांफ्रेस में बताया, ”दुर्भाग्य से गेंद सीधे उनके घुटने पर लगी, उसी पैर पर जिसकी उन्होंने सर्जरी करवाई है. इसलिए उनके घुटने में थोड़ी सूजन है. ” लेकिन रोहित ने पंत की फिटनेस को लेकर किसी भी बड़ी चिंता को दूर करते हुए कहा कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज एहतियात के तौर पर मैदान छोड़कर बाहर गया.

उन्होंने कहा, ”यह एक एहतियाती उपाय है. हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते. ऋषभ जोखिम नहीं लेना चाहते क्योंकि उनके उस पैर की बड़ी सर्जरी हुई है. ” रोहित ने कहा, ”इसलिए उनके मैदान से बाहर जाने की यही वजह थी. उम्मीद है कि आज रात वह ठीक हो जाएंगे और हम उन्हें कल मैदान पर वापस देखेंगे.” भारतीय टीम इससे पहले घरेलू मैदान पर टेस्ट में अब तक के सबसे कम 46 रन के स्कोर पर आउट हो गई. पंत 20 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे. न्यूजीलैंड की पहली पारी में जडेजा की गेंद घुटने पर लगने के बाद तुरंत टीम के फिजियोथेरेपिस्ट पंत को देखने पहुंचे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button