मैं मिट्टी में मिल गया हूं, अब मेरे परिवार की महिलाओं और बच्चों को परेशान ना करें : अतीक अहमद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Apr 2023 07:45 PM
मैं मिट्टी में मिल गया हूं, अब मेरे परिवार की महिलाओं और बच्चों को परेशान ना करें : अतीक अहमद
ऑडियो सुनें

लखनऊ/प्रयागराज. साबरमती सेंट्रल जेल से प्रयागराज ले जाए जा रहे गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि वह मिट्टी में मिल गया है और अब उसके परिवार की महिलाओं और बच्चों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए.

गुजरात की साबरमती जेल से लाए जा रहे अहमद ने रास्ते में पुलिस वैन के अंदर से मीडियार्किमयों से बातचीत में कहा, “हम आपके जरिये सरकार से कहना चाहते हैं, हम बिलकुल मिट्टी में मिल गए हैं अब हमारी औरतों और बच्चों को परेशान न करें.” गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गत 24 फरवरी को हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद इस मामले पर समाजवादी पार्टी द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में अतीक अहमद की तरफ इशारा करते हुए कहा था, “हम इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे.”

अहमद ने एक सवाल पर कहा, “हमारी माफियागीरी तो पहले ही खत्म हो गई है. अब हमें बस रगड़ा जा रहा है.” उमेश पाल हत्याकांड में वांछित अपने बेटे असद के बारे में पूछे जाने पर अहमद ने कहा, “हम क्या जाने..हम तो जेल में हैं.” इससे पहले, अहमद ने दावा किया था कि गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में उसे परेशान किया जा रहा है. उसने यह भी दावा किया कि उसका परिवार बर्बाद हो गया, लेकिन मीडिया की वजह से वह खुद सुरक्षित है.

अहमद ने पिछले महीने सुरक्षा के लिए उच्चतम न्यायालय का रुख किया था, जिसमें दावा किया गया था कि उसे और उसके परिवार को प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी के रूप में झूठा फंसाया गया है और उत्तर प्रदेश पुलिस उसे फर्जी मुठभेड़ में मार सकती है. उमेश पाल हत्याकांड के सिलसिले में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक दल मंगलवार को अहमद के साथ गुजरात के अहमदाबाद शहर स्थित साबरमती सेंट्रल जेल से सड़क मार्ग से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ.

पूर्व सांसद ने कहा, “मैं आप लोगों की वजह से सुरक्षित हूं. मैंने वहां (जेल के अंदर) से किसी को फोन नहीं किया क्योंकि वहां जैमर लगाए गए थे. मैंने कोई साजिश नहीं रची और पिछले छह साल से सलाखों के पीछे हूं.” बुधवार को अहमद को प्रयागराज लेकर जा रहा पुलिस का काफिला सुबह करीब पौने आठ बजे झांसी से उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ.

माफिया अतीक को लेकर प्रयागराज पहुंची पुलिस

प्रयागराज पुलिस माफिया अतीक अहमद को लेकर बुधवार की शाम करीब 6:00 प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल पहुंची. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया की पुलिस की टीम माफिया अतीक अहमद को लेकर मंगलवार को साबरमती जेल से रवाना हुई थी और सड़क मार्ग से आज यहां पहुंची.

उन्होंने बताया कि अतीक अहमद को आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डीके गौतम की अदालत में पेश किया जाना था लेकिन विलंब के कारण उसकी पेशी नहीं हो सकी. उन्होंने कहा की बृहस्पतिवार को अतीक अहमद को अदालत में पेश किया जाएगा और पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में देने का अनुरोध किया जाएगा. उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक के अलावा उसके भाई अशरफ को भी बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu