कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वालों को मैं अपनी कार से भिजवाऊंगा : कमलनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Sep 2022 09:20 PM
कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वालों को मैं अपनी कार से भिजवाऊंगा : कमलनाथ
ऑडियो सुनें

भोपाल. देश के विभिन्न भागों में नेताओं के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को कहा कि कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में जाने वालों को वह अपनी कार में भिजवाएंगे क्योंकि उन्हें खुशामद में विश्वास नहीं है .

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कमलनाथ ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘आप क्या समझ रहे हैं कि कांग्रेस खत्म हो गई. अभी तो पूछ रहे थे कि कोई लोग (कांग्रेस छोड़ भाजपा में) जाना चाह रहे हैं. मैंने तो कहा कि बिल्कुल जाएं. जिसको जाना है वो जाएं. हम किसी को रोकना नहीं चाहते हैं.’’

उन्होंने फिर कहा, ‘‘अगर वो (कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी) जाना चाहते हैं, अपना भविष्य सोचते हैं और विचार भाजपा से मिलते हैं, तो मैं उनको अपनी मोटर (कार) दूंगा, जाइये मेरी कार में जाइये.’’ कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैं किसी की खुशामद में विश्वास नहीं करता.’’ उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस में काम कर रहे हैं, वे पार्टी के प्रति निष्ठा से काम कर रहे हैं और पार्टी की ओर से उन पर कोई दबाव नहीं है.

मालूम हो कि दो दिन पहले ही मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक और कमलनाथ के करीबी अरुणोदय चौबे ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है.
इस पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा चौबे पर दबाने का प्रयास कई महीने से चल रहा था . लगातार उनके बयान भी सामने आ रहे थे. चौबे के खिलाफ कई मामले दायर कर दिये गए थे. कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज हमारे लोगों पर झूठे मामले लगाए जा रहे हैं. दबाव-प्रभाव की राजनीति की जा रही है. दबाव- भाव से आप किसी का भी दिल, दिमाग और आत्मा नहीं खरीद सकते हैं.’’

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में कायदे से चीतों की बजाय गुजरात के गिर के शेर आने चाहिये थे : कमलनाथ

मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नीमीबिया से लाकर आठ चीते छोड़े जाने के एक दिन बाद रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि कायदे से तो वहां इन चीतों की बजाय गुजरात के गिर के शेर आने चाहिये थे. कमलनाथ ने भाजपा नीत केन्द्र एवं गुजरात की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात द्वारा कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शेर नहीं भेजने पर लोगों का ध्यान बांटने के लिये अब अफ्रीका से चीते लाये गये हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने 1952 में भारत में विलुप्त हुए चीतों की आबादी को पुनर्जीवित करने की परियोजना के तहत नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को शनिवार सुबह कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बने विशेष बाड़ों में छोड़ा. कमलनाथ ने यहां मीडिया से चर्चा करते हुए इस पर कहा, ‘‘कायदे से तो वहां गिर के शेर आने चाहिये थे. जब मध्यप्रदेश में (17 दिसंबर 2018 से 22 मार्च 2020 तक) कांग्रेस की सरकार थी और मैं मुख्यमंत्री था, तब मैंने इसको लेकर खूब प्रयास किए. मैंने इसको लेकर सरकार से बात भी की थी कि यहां पूरी तैयारी है. आप गिर के शेर भेज दीजिए, लेकिन उन्होंने शेर भेजने से मना कर दिया.’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब शेर तो भेजे नहीं गुजरात से, अफ्रीका से चीता ले आये ध्यान बांटने के लिये.’’ कमलनाथ ने कहा, ‘‘हमारा श्योपुर जिला देश का सबसे ज्यादा कुपोषित जिला है. इसके गवाह तो खुद सरकारी आंकड़े हैं. चीता तो यहां एक माह बाद भी छोड़ सकते थे. पहले यह कुपोषण दूर करने के लिए शिविर लगाते और कुपोषण दूर करने के उपाय करते, लेकिन इन्हें तो वहां चीता इवेंट करना था.’’ उन्होंने कहा कि आज श्योपुर जिला कुपोषित के साथ-साथ सबसे गरीब जिला भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां के रहवासियों के भविष्य की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा नीत मध्यप्रदेश सरकार को कोई ंिचता नहीं है.

कमलनाथ ने कहा कि चौहान भाषण दे रहे हैं कि पर्यावरण की दृष्टि से कुनो उद्यान चीतों के लिए यह सही जगह है. उन्होंने कहा कि यह सब नाटक आज चल रहा है और सरकार को कुपोषण दूर करने को लेकर कार्य योजना बनानी चाहिये. उन्होंने कहा, ‘‘आज यह चीता छोड़ रहे हैं लेकिन कुपोषण पर बात नहीं कर रहे हैं, बेरोजगारी पर बात नहीं कर रहे हैं. कमलनाथ ने प्रदेश सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि जो वास्तविक मुद्दे हैं, जो आज प्रदेश और हर व्यक्ति के भविष्य से जुड़े मुद्दे हैं, उससे ध्यान बांटने का काम हो रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu