भारत तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक बना: प्रल्हाद जोशी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 31 Jul 2025 07:56 PM
भारत तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक बना: प्रल्हाद जोशी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सौर ऊर्जा उत्पादन में जापान को पीछे छोड़कर तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है. केंद्रीय मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा एजेंसी (आईआरईएनए) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भारत ने 1,08,494 गीगावाट घंटा सौर ऊर्जा का उत्पादन किया है, जबकि जापान ने 96,459 गीगावाट घंटा सौर ऊर्जा का उत्पादन किया है.

आईआरईएनए ऊर्जा बदलाव के लिए एक वैश्विक एजेंसी है जो अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के लिए एक मंच के रूप में कार्य करती है, देशों को उनके ऊर्जा बदलाव में सहायता करती है, तथा प्रौद्योगिकी, नवाचार, नीति, वित्त और निवेश पर आंकड़े और विश्लेषण प्रदान करती है.
जोशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत ने सौर ऊर्जा उत्पादन में जापान को पीछे छोड़ दिया है और 1,08,494 गीगावाट घंटा का उत्पादन किया है, जबकि जापान का उत्पादन 96,459 गीगावाट घंटा है. भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक है.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा क्रांति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है.” भारत 2030 तक 500 गीगावाट स्वच्छ ईंधन आधारित बिजली क्षमता के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण के साथ काम कर रहा है. इस लिहाज से यह उपलब्धि महत्वपूर्ण है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu