भारतीय कलाकारों ने ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के ऑस्कर जीतने पर जाहिर की खुशी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Mar 2023 08:10 PM
भारतीय कलाकारों ने ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के ऑस्कर जीतने पर जाहिर की खुशी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रजनीकांत, ए आर रहमान, शाहरूख खान, प्रियंका चोपड़ा जोनस, आलिया भट्ट, ऋतिक रोशन और अजय देवगन सहित भारतीय फिल्म जगत के कई कलाकारों ने तेलुगु फिल्म ‘आरआरआर’ और तमिल वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के ऑस्कर जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए इसे बेहद खास पल बताया है.

निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है. गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं. इसे स्वर काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दिया है. ‘नाटु नाटु’ का मतलब होता है ‘नाचना’.
वहीं कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट’ श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीता.

गीत ‘नाटु नाटु’ के कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित ने लॉस एंजिलिस से ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस गीत का ऑस्कर जीतना ‘‘भारत के लिए गर्व का पल है.’’ पुरस्कार जीतने के उत्साहपूर्ण क्षण के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘ हम सभी एक साथ बैठे थे. घोषणा होते ही हम खुशी के मारे पागल हो गए और एक-दूसरे को गले लगाने लगे.’’ रजनीकांत ने ट्वीट किया, ‘‘श्री कीरावानी, श्री राजामौली, और श्री कार्तिकी गोंजाल्विस को प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार जीतने के लिए हार्दिक बधाई. मैं गौरवान्वित करने वाले भारतीयों को सलाम करता हूं.’’ रहमान ने ‘‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की ऑस्कर जीतने वाली टीम को 2008 की फिल्म ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ के ट्रैक सांग ‘जय हो’ के जरिये बधाई दी. स्लमडॉग मिलिनियर के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ मूल गीत के लिए अकादमी पुरस्कार मिला था. उन्हें मूल संगीत के लिए भी ऑस्कर मिला था.

रहमान ने ट्वीट किया, ‘‘ श्री कीरावानी और बोस को बधाई. अनुमान के मुताबिक और पूर्ण हकदार. आप दोनों को जय हो.’’ अभिनेता शाहरूख खान ने ऑस्कर मिलने पर लिखा, ‘‘ वाकई प्रेरणादायी. द एलिफेंट व्हिस्परर्स के लिए गुनीत और अर्थ स्पेक्ट्रम को बधाई. तथा कीरावानी, चंद्रबोस जी, राजामौली और रामचरण को ऐसा कर दिखाने का रास्ता हम सभी को दिखाने के लिए धन्यवाद. दोनों ऑस्कर वाकई प्रेरणादायी है.’’ अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पुरस्कार समारोह की तस्वीर साझा करते हुए फिल्म ‘आरआरआर’ और वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की सराहना की.

फिल्म ‘आरआरआर’ में अतिथि भूमिका में नजर आईं आलिया भट्ट ने भी कई तस्वीरें साझा करते हुए फिल्म से जुड़े लोगों की हौसला अफजाई की. अभिनेत्री ने एक अन्य पोस्ट में ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ और उसकी निर्माता गुनीत मोंगा की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘ यह पल…ऐतिहासिक. गुनीत मोंगा और पूरी टीम को बधाई.’’ फिल्मकार करण जौहर ने फिल्म ‘आरआरआर’ के ऑस्कर जीतने को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने लिखा, ‘‘ ऐतिहासिक. मैं खुशी के मारे उछल रहा हूं. बेहद गर्व की बात है.’’ निर्देशक ने कहा कि इतिहास रचने के लिए उन्हें ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम पर गर्व है.

फिल्म ‘आरआरआर’ में अतिथि भूमिका में नजर आए अजय देवगन ने दोनों ही पुरस्कार को भारत के लिए ‘‘गौरवान्वित पल’’ बताया.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ जैसा कि अक्सर कहा जाता है कि सिनेमा की भाषा किसी सीमा तक सीमित नहीं है. ऑस्कर जीतने के लिए ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई. यह एक गौरवान्वित पल है.’’ ऋतिक रोशन ने कहा, ‘‘ ऑस्कर जीतना भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक, गौरवान्वित और खुशगवार पल. ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई. ’’

कंगना रनौत ने लिखा, ‘‘ बेहतरीन. ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई.’’ अभिनेत्री ने फिल्म ‘आरआरआर’ को बधाई देते हुए कहा, ‘‘ पूरे भारत को बधाई. नस्लीय आधार पर भारतीयों के दमन, यातना, हत्याओं, उपनिवेशीकरण को दिखाने वाली ‘आरआरआर’ को विश्व मंच पर सराहा गया….केवल बंगाल के अकाल के दौरान हुई भारतीयों की मृत्यु ‘होलोकॉस्ट’ (यहूदी नरसंहार) के दौरान यहूदियों की मृत्यु से कहीं अधिक थी.’’ अदाकारा समांथा रुथ प्रभु, अभिनेता राना दग्गुबाती, गायक अनूप जलोटा, साउंड डिजाइनर रेसुल पूकुट्टी सहित अन्य कई हस्तियों ने ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई दी.

ऑस्कर समारोह का आयोजन हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया गया. इसकी मेजबानी जिमी किम्मेल ने की, जिनके ‘आरआरआर’ को ‘‘बॉलीवुड फिल्म’’ बताने पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा. सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर एक व्यक्ति ने लिखा, ‘‘ भारत में अलग-अलग भाषाओं के अलग-अलग फिल्म जगत हैं.. बॉलीवुड का मतलब है ंिहदी भाषा की फिल्म.. ंिहदी भारत में अधिक बोली जाने वाली भाषा है इसलिए बॉलीवुड लोकप्रिय है. ‘आरआरआर’ दक्षिण भारत की तेलुगु भाषा की फिल्म है.’’ एक अन्य सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘ प्रिय ऑस्कर, ‘आरआरआर’ बॉलीवुड फिल्म नहीं है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu