श्रीलंकाई जलक्षेत्र में भारतीय नौका दुर्घटनाग्रस्त, 11 मछुआरों को बचाने के लिए अभियान शुरू

कोलंबो: श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने की एक भारतीय नौका दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद श्रीलंकाई नौसेना ने बचाव अभियान शुरू किया। नौका में 11 लोग सवार हैं। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
श्रीलंकाई नौसेना के अनुसार, नौका अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा कथित रूप से पार कर श्रीलंका के जलक्षेत्र में पहुंच गई थी और समुद्र तल पर बड़ा जाल घसीटकर मछली पकड़ने की प्रक्रिया के दौरान वह उथले चट्टानी हिस्से में फंस गई।

यह दुर्घटना श्रीलंका के मुख्य भूभाग के उत्तरी तट के पास पाक जलडमरूमध्य में स्थित डेल्फ्ट द्वीप के तट से दूर एक चट्टान में हुई। डेल्फ्ट द्वीप को नेदुन्थीवु के नाम से भी जाना जाता है। श्रीलंकाई नौसेना के मीडिया प्रवक्ता कमांडर चांिमडा वालाकुलुगे ने दावा किया कि भारतीय नौका श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रही थी और इस दौरान वह बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नौका में 11 लोग सवार थे।

श्रीलंकाई नौसेना ने बयान में कहा, ”चट्टान से टकराकर फंसने के कारण नौका के ढांचे को आंशिक नुकसान पहुंचा है।” नौसेना ने हालांकि कहा कि स्थिति गंभीर नहीं है और मछुआरों को तत्काल कोई खतरा नहीं है। बयान के अनुसार, भारतीय मछुआरों की सहायता के लिए बचाव दल भेजे गए हैं।

नौसेना ने कहा कि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के संबंधों में विवाद का विषय रहा है। श्रीलंकाई नौसैनिकों पर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में कथित अवैध प्रवेश के मामलों में पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोली चलाने और उनकी नौकाएं जब्त करने के आरोप लगते रहे हैं।

तमिलनाडु और श्रीलंका को अलग करने वाला पाक जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का समृद्ध क्षेत्र है।
दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे के जलक्षेत्र में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किए जाने की घटनाएं अकसर होती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button