इंडियन पोटाश ने गन्ने की टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने को यूपीएल की इकाई के साथ किया समझौता

नयी दिल्ली: उर्वरक क्षेत्र की कंपनी इंडियन पोटाश लि. (आईपीएल) ने गुजरात के कोडीनार में गन्ना उत्पादन और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि रसायन कंपनी यूपीएल लि. की इकाई ‘यूपीएल सस्टेनेबल एग्री सॉल्यूशंस लि.’ के साथ एक समझौता किया है।

एक बयान के अनुसार, यूपीएल सस्टेनेबल एग्री सॉल्यूशंस लिमिटेड (यूपीएल एसएएस) और इंडियन पोटाश लि. (आईपीएल) ने गुजरात में आईपीएल की कोडीनार शुगर मिल के आसपास के इलाकों में गन्ना उत्पादन बढ़ाने, पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय को बढ़ाने के लिए तीन साल के सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस साझेदारी के तहत लगभग 2,000 एकड़ गन्ना उत्पादन क्षेत्र में मिट्टी की गुणवत्ता को सुधारने और जैव विविधता को बढ़ाने के उपाय किए जाएंगे। साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों, पोषण प्रबंधन, फसल सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं और किसानों की क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य गन्ने की उत्पादकता में कम से कम 15 प्रतिशत की वृद्धि करना है।

समझौते के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण और परामर्श भी दिया जाएगा। आईपीएल के मुख्य कृषि वैज्ञानिक यू एस तेवतिया ने कहा कि कंपनी नवोन्मेषी और पर्यावरण अनुकूल कृषि समाधानों के जरिए किसानों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “यूपीएल के साथ यह साझेदारी किसानों के साथ जुड़ने की हमारी कोशिशों को मजबूत करने, गन्ने की उपज बढ़ाने और हमारे कोडीनार शुगर मिल की वृद्धि और प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने में योगदान देने में मदद करेगी।”

यूपीएल एसएएस के ‘सस्टेनेबिलिटी’ मामलों के प्रमुख हर्षल सोनावणे ने कहा कि यह पहल विज्ञान आधारित कृषि, डिजिटल तकनीक और किसान-केंद्रित समाधानों के जरिए अधिक लाभकारी और जलवायु-अनुकूल गन्ना मूल्य श्रृंखला विकसित करने की दिशा में अहम कदम है। इस साझेदारी से गन्ने की उपलब्धता बढ़ने, संसाधनों की बचत, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी और किसानों की आय में वृद्धि की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button