भारत के हरित आवरण में 2021 से 2023 तक 1,445 वर्ग किलोमीटर वृद्धि: सरकारी रिपोर्ट

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 21 Dec 2024 04:11 PM
भारत के हरित आवरण में 2021 से 2023 तक 1,445 वर्ग किलोमीटर वृद्धि: सरकारी रिपोर्ट

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत के कुल वन और वृक्ष क्षेत्र में 2021 के बाद से 1,445 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है और अब यह कुल भौगोलिक क्षेत्र का 25.17 प्रतिशत हो गया है। नए सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

शनिवार को जारी भारत राज्य वन रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 में कहा गया कि देश का कुल वन क्षेत्र 2021 में 7,13,789 वर्ग किलोमीटर था, जो बढक़र 2023 में 7,15,343 वर्ग किलोमीटर हो गया, लिहाजा अब कुल भौगोलिक क्षेत्र का 21.76 प्रतिशत हिस्सा वन क्षेत्र है।

रिपोर्ट में कहा गया कि वृक्ष क्षेत्रफल 1,289 वर्ग किलोमीटर बढ़ गया है और अब यह देश के भौगोलिक क्षेत्र का 3.41 प्रतिशत है। कुल मिलाकर, वन और वृक्षों का क्षेत्रफल 8,27,357 वर्ग किलोमीटर है, यानी भारत के भौगोलिक क्षेत्र के 25.17 प्रतिशत क्षेत्र पर वन और वृक्ष हैं। यह 2021 के बाद 1,445 वर्ग किलोमीटर की कुल वृद्धि को दर्शाता है, जिसमें अकेले वन क्षेत्र में 156 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, कुल वन और वृक्ष आवरण में मध्यप्रदेश अग्रणी है, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र हैं। छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान में वन और वृक्ष आवरण में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई, जबकि मिजोरम, गुजरात और ओडिशा में विशेष रूप से वन आवरण में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई।

पूर्वोत्तर राज्यों, विशेषकर मिजोरम में उल्लेखनीय सुधार दिखे हैं। अकेले मिजोरम में वन क्षेत्र में 242 वर्ग किलोमीटर वृद्धि देखी गई।

By navabharat digital