इंदिरा गांधी का शासन ‘मुठभेड़ों और हत्याओं’ से भरा था : के चंद्रशेखर राव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Nov 2023 08:50 PM
ऑडियो सुनें

वारंगल/हैदराबाद. मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने कांग्रेस द्वारा तेलंगाना की सत्ता में आने पर ‘इंदिरम्मा राज्यम’ (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का शासन) वापस लाने संबंधी टिप्पणी को लेकर मंगलवार को विपक्षी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री का शासन ‘मुठभेड़ों, गोलीबारी और हत्याओं’ से भरा हुआ था.

तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को होने वाले मतदान में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) उम्मीदवारों के पक्ष में यहां आयोजित अपनी 95वीं चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राव ने कहा कि अगर उनकी पार्टी फिर से सत्ता में आती है, तो शहर को अतिरिक्त नागरिक बुनियादी ढांचे के साथ विकसित किया जाएगा. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अगर बीआरएस राज्य में सत्ता में आती है, तो वृद्धावस्था पेंशन मौजूदा 2,000 रुपये से बढ.ाकर 5,000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी.

इंदिरा गांधी के शासन का संदर्भ देते हुए राव ने आरोप लगाया, ”आज कांग्रेस के लोग कह रहे हैं कि अगर वे जीते तो इंदिराम्मा राज्यम लाएंगे. इंदिराम्मा राज्यम कौन चाहता है? इंदिराम्मा राज्यम में क्या हुआ था? यदि यह इतना अच्छा होता, तो एनटीआर (आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव) को पार्टी क्यों बनानी पड़ती और दो रुपये प्रति किलोग्राम चावल की पेशकश क्यों करनी पड़ती. इंदिराम्मा राज्यम आपातकाल, मुठभेड़ों, गोलीबारी और हत्याओं से भरा था.” उन्होंने आरोप लगाया कि 1969 में कांग्रेस शासन के दौरान तेलंगाना को अलग राज्य बनाने के आंदोलन के दौरान लगभग 400 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जहां तक प्रति व्यक्ति आय का सवाल है, आज तेलंगाना देश में शीर्ष स्थान पर है, यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात से भी आगे है. उन्होंने कहा कि यहां एक विशाल टेक्सटाइल पार्क बन रहा है जो एक लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा. चंद्रशेखर राव ने कहा, ”चूंकि यह (वारंगल) तेलंगाना का दूसरा सबसे बड़ा शहर है, हम इस शहर में कई उद्योग लाएंगे.”

राहुल अधिक नौकरियां देने की बात साबित कर दें, राजनीति छोड़ दूंगी: कविता

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य के. कविता ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष साबित कर दें कि उनकी पार्टी के शासन वाले किसी भी राज्य में तेलंगाना से एक भी अधिक नौकरी दी गई तो वह राजनीति छोड़ देंगी. तेलंगाना कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता भट्टी विक्रमार्क ने एक मंदिर में हलफनामे पर दस्तखत करके तेलंगाना की जनता के लिए छह गारंटी लागू करने की शपथ ली है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कविता ने कहा कि कांग्रेस बहुत अविवेकपूर्ण और बेतुके वादे करती है.

उन्होंने कहा, ”मैं राहुल गांधी जी और कांग्रेस पार्टी को चुनौती देना चाहती हूं. यदि किसी कांग्रेस शासित राज्य में आपने तेलंगाना सरकार के मुकाबले कम से कम एक भी अतिरिक्त नौकरी दी होगी तो मैं व्यक्तिगत रूप से राजनीति से संन्यास ले लूंगी.” कविता ने कहा, ”लेकिन अगर राहुल गांधी यह साबित नहीं कर पाए तो क्या राजनीति से इस्तीफा देंगे? यदि आप यह साबित नहीं कर सकते तो तेलंगाना के बेरोजगार युवाओं से झूठ मत बोलिए. लोगों को धोखा मत दीजिए, हलफनामे भरकर हमारे लोगों को मत ठगिए.” उ

न्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक में उसके सभी 223 उम्मीदवारों ने जनता को शपथ-पत्र दिए थे, लेकिन राज्य में उन्होंने जो पांच वादे किए थे, उनमें से एक भी सच साबित नहीं हुआ है और एक पर भी अब तक काम नहीं हो रहा. कविता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि वह सरकार बनने के 100 दिन के अंदर 2.60 लाख पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर देगी, लेकिन आज तक कुछ नहीं शुरू हुआ. उन्होंने कहा कि बीआरएस सरकार ने 2.32 लाख खाली पदों को भरने के लिए अधिसूचना निकाल दी है और 1.60 लाख रिक्तियों को पहले ही भरा जा चुका है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu