राजनीति करने की बजाय विपक्ष को रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कटौती का स्वागत करना चाहिए: जोशी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 07:49 PM
राजनीति करने की बजाय विपक्ष को रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कटौती का स्वागत करना चाहिए: जोशी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को कहा कि सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती की है और विपक्षी दलों को इस पर राजनीति करने के बजाय इस कदम का स्वागत करना चाहिए. जोशी ने विपक्षी दलों के इस आरोप को खारिज कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र ने चुनाव को ध्यान में रखते हुए एलपीजी की कीमत में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की है.

उन्होंने कहा, ”दुनियाभर में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि हुई है. विकसित देशों में भी घरेलू रसोई गैस की कीमतें बढ़ रही हैं. हमने रसोई गैस और सब्सिडी वाले एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित की है ताकि लोगों को अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि के कारण परेशानी नहीं हो.” विपक्षी दलों द्वारा रसोई गैस की कीमतों में कटौती को आगामी चुनावों से जोड़े जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ”क्या जन कल्याण नहीं होना चाहिए? क्या वे ऐसा सोचते हैं?” केंद्र सरकार ने मंगलवार को रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की घोषणा की.

इसके साथ ही 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1,103 रुपये घटकर 903 रुपये रह जाएगी. उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए, 200 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी जारी रखने पर विचार करने के बाद कीमत 703 रुपये होगी. इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि एलपीजी की कीमतों में कमी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार और विपक्ष की दो ‘बेहद सफल’ बैठकों का नतीजा है और लोगों को इस तरह के और ‘उपहारों’ की उम्मीद करनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘अपनी कुर्सी से चिपके रहने के लिए और भी बेचैन’ हो गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu