आईओसी प्रमुख बाख को उम्मीद, जल्द ही सीईओ की नियुक्ति करेगा आईओए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 09:01 PM
आईओसी प्रमुख बाख को उम्मीद, जल्द ही सीईओ की नियुक्ति करेगा आईओए
ऑडियो सुनें

मुंबई. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने सोमवार को यहां उम्मीद जताई कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) जल्द ही संविधान के तहत अपने सीईओ की नियुक्ति करेगा. आईओसी के 141वें सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद बाख ने कहा कि उनकी आईओए अध्यक्ष पीटी उषा से बात हुई और वह भारतीय संस्था में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध लगती हैं.

बाख ने पत्रकारों से कहा, ”हमारी आईओए की नव नियुक्त अध्यक्ष पीटी उषा के साथ बातचीत हुई तथा हम घटनाक्रम का जायजा ले रहे थे. हमने जो जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए उन पर बात की, विशेषकर आईओए के लिए सीईओ की नियुक्ति पर बात की.” उन्होंने कहा,” उन्होंने हमारी बातों को ध्यान से सुना. उन्होंने आईओए के अंदर भी कुछ कदम उठाए हैं, इसलिए अभी हम यही उम्मीद कर सकते हैं कि यह नियुक्ति जल्द से जल्द होगी.”

डब्ल्यूएफआई के चुनावों के बाद निलंबन हटाने को तैयार यूडब्ल्यूडब्ल्यू: लालोविच

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने डब्ल्यूएफआई (भारतीय कुश्ती महासंघ) के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह द्वारा भारतीय महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न से संबंधित लंबित मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए कहा कि अगर खिलाड़ी उनसे संपर्क करते है तो वे ‘खिलाड़ियों की बात सुनेंगे’. यूडब्ल्यूडब्ल्यू प्रमुख नेनाद लालोविच ने सोमवार को ये बातें कही.

ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता विनेश फोगाट सहित सात पहलवानों ने आरोप लगाया था कि बृजभूषण ने महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न किया था. दिल्ली पुलिस ने 15 जून को छह बार के सांसद के खिलाफ विभिन्न यौन अपराध के आरोपों के तहत खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था. इस बीच यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने डब्ल्यूएफआई को भी तय समय सीमा में चुनाव नहीं कराने के लिए निलंबित कर दिया.

लालोविच ने यहां अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के 141वें सत्र के इतर कहा, ” पहलवानों के विरोध के दौरान जो कुछ हुआ, हमारी नजर उस पर थी. हमें अपने खिलाड़ियों की कुशलता की चिंता है. निलंबन की संभावनाओं में यह भी शामिल है.” उन्होंने कहा, ”अब यह मामला भारतीय अधिकारियों द्वारा देखा जा रहा है. हम इसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे. हम तभी हस्तक्षेप करेंगे जब पहलवान किसी कारण से हमसे दोबारा संपर्क करेंगे. हम खिलाड़ियों की आवाज सुनते हैं.” उन्होंने कहा कि चुनाव होते ही डब्ल्यूएफआई का निलंबन हटा दिया जाएगा. उन्होंने कहा, ”चुनाव होते ही निलंबन हटाने की सबसे ज्यादा खुशी हमें होगी. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu