बांग्लादेश: संभावित आतंकवादी हमलों के मद्देनजर राष्ट्रव्यापी सुरक्षा अलर्ट

ढाका: बांग्लादेश पुलिस ने शनिवार को संसद परिसर समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों पर संभावित आतंकवादी हमलों के मद्देनजर राष्ट्रव्यापी सुरक्षा अलर्ट की घोषणा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, “खुफिया रिपोर्ट के आधार पर अलर्ट जारी किया गया है।” अधिकारी ने अलर्ट को ‘अत्यावश्यक और गोपनीय’ बताया।

बांग्ला दैनिक ‘प्रथम आलो’ की खबर के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक पत्र में संसद परिसर, इबादत स्थलों, मनोरंजन स्थलों और सैन्य एवं पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर संभावित समन्वित हमलों की चेतावनी दी गई है, जिनमें शस्त्रागारों को संभावित लक्ष्य माना जा रहा है।
‘डेली स्टार’ और अन्य समाचार पत्रों की खबर के मुताबिक, प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के एक सदस्य इस्तियाक अहमद सामी उर्फ ??अबू बक्र की हालिया गिरफ्तारी के बाद अलर्ट जारी किया गया था।

बक्र, कथित तौर पर दो बर्खास्त सैन्य र्किमयों के संपर्क में था। खबरों के अनुसार, पत्र में संभावित हमलों के पीछे दो कथित प्रमुख षड्यंत्रकारियों के नाम भी शामिल थे। हालांकि, किसी संगठन का नाम नहीं लिया गया। पत्र में संदिग्ध हमलावरों को ‘देश की समग्र सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक’ बताया गया है।

कानून लागू करने वाले अधिकारियों के हवाले से समाचार पोर्टल ‘टीबीएसन्यूज डॉट नेट’ ने बताया कि आतंकवादी समूह हमले करने के लिए कई तरीके अपना सकता है। पुलिस मुख्यालय ने अपराध जांच विभाग (सीआईडी), विशेष शाखा और आतंकवाद रोधी एवं अंतरराष्ट्रीय अपराध (सीटीटीसी) इकाई सहित विशेष पुलिस इकाइयों को सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया है, जबकि देश भर की पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button