IPL 2025 FINAL: खिताबी मुकाबले से पहले आरसीबी को लगा झटका, ये दो खिलाड़ी रह सकते हैं अनुपलब्ध

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 03 Jun 2025 04:39 PM
IPL 2025 FINAL: खिताबी मुकाबले से पहले आरसीबी को लगा झटका, ये दो खिलाड़ी रह सकते हैं अनुपलब्ध
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के खिताबी मुकाबले के लिए कमर कस ली है। ये दोनों टामों अब तक कभी इस टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीत सकी हैं, लेकिन दोनों का प्रदर्शन इस सीजन बेहतरीन रहा है। आरसीबी और पंजाब 18 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन बेंगलुरु फ्रेंचाइजी को मैच से पहले ही झटका लगा है।

आरसीबी के लिए खिताबी मुकाबले में दो स्टार विदेशी खिलाड़ी अनुपलब्ध रह सकते हैं। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराया था, लेकिन फाइनल मैच से पहले उसके लिए बुरी खबर सामने आई है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट का इस खिताबी मैच में खेलना संदिग्ध है। सॉल्ट अपने बच्चे के जन्म के कारण इस मैच से बाहर रह सकते हैं। हालांकि, आरसीबी के लिए राहत की बात यह है कि सॉल्ट फाइनल के लिए अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।

डेविड चोट से नहीं उबर सके

आरसीबी की ओर से इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है और ऐसे संकेत नहीं मिले हैं कि सॉल्ट फाइनल मैच से बाहर रह सकते हैं। लेकिन इन रिपोर्ट की मानें तो सॉल्ट का खेलना मुश्किल दिख रहा है। सॉल्ट के अलावा आरसीबी को टिम डेविड की सुविधाएं मिलने पर भी संशय है। टिम डेविड अब तक हैम्स्ट्रिंग चोट से नहीं उबर सके हैं। डेविड को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोट लगी थी और वह पंजाब के खिलाफ क्वालिफायर-1 मैच में नहीं खेले थे।

रणनीति में करना पड़ सकता है बदलाव

फाइनल में दो महत्वपूर्ण खिलाड़ियों के नहीं होने से आरसीबी को रणनीति बदलने पड़ सकती है। आरसीबी को उम्मीद है कि उन्हें कम से कम सॉल्ट की सुविधाएं मिलेंगी जो इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। अगर सॉल्ट और टिम डेविड फाइनल में नहीं खेलते हैं तो आरसीबी कोहली के साथ टिम सेफर्ट को ओपनिंग के तौर पर उतार सकती है, जबकि डेविड की जगह रोमारियो शेफर्ड फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। शेफर्ड ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital