ईरान के हमले पर ‘कार्रवाई का निर्णय ले रहा’ इजराइल: ब्रिटिश विदेश मंत्री कैमरन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 08:54 PM
ईरान के हमले पर ‘कार्रवाई का निर्णय ले रहा’ इजराइल: ब्रिटिश विदेश मंत्री कैमरन
ऑडियो सुनें

यरूशलम/लंदन. ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने बुधवार को कहा कि सप्ताहांत में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले के जवाब में इजराइल “कार्रवाई करने का निर्णय ले रहा है”. इस बीच, ईरान ने चेतावनी दी कि उसके क्षेत्र में किसी छोटे से हमले का भी कठोर जवाब दिया जाएगा. इजराइल ने ईरान के अभूतपूर्व हमले का जवाब देने का संकल्प लिया है लेकिन इस बारे में कुछ नहीं कहा है कि कार्रवाई कब और कैसे की जाएगी.

गाजा में जारी युद्ध के चलते महीनों की अशांति के बाद नए घटनाक्रम से क्षेत्र में और अधिक अशांति की आशंका उत्पन्न हो गई है.
ईरान के हमले को नाकाम करने में मदद करने वाले इजराइल के सबसे करीबी सहयोगी अमेरिका तथा ब्रिटेन हालात और खराब न होने देने की कोशिश कर रहे हैं. इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने वार्षिक सैन्य परेड को संबोधित करते हुए इजराइल को किसी भी जवाबी कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी. संभवत: इजराइल की जवाबी कार्रवाई के डर से इस सैन्य परेड का टेलीविजन पर प्रसारण नहीं किया गया.

ईरान की आधिकारिक इरना समाचार एजेंसी ने रईसी के हवाले से कहा कि शनिवार का हमला एक सीमित हमला था, और अगर ईरान बड़ा हमला करना चाहता तो इजराइल में कुछ भी नहीं बचता. कैमरन और जर्मन विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक दोनों बुधवार को शीर्ष अधिकारियों से मिलने के लिए इजराइल में हैं. इजराइल के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल ब्रिटेन और जर्मनी ने संयम बरतने का आग्रह किया है. कैमरन ने कहा कि यह स्पष्ट है कि इजराइल ईरान के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय ले रहा है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वह इसे इस तरह अंजाम देगा जो सख्त भी हो और इससे ज्यादा संघर्ष भी न बढ़े.

सुनक ने ईरान के मिसाइल हमलों के मद्देनजर नेतन्याहू से संयम बरतने को कहा

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने ईरान के मिसाइल हमलों के मद्देनजर अपने इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से संयम बरतने को कहा है. उधर, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन बुधवार को वार्ता के लिए तेल अवीव पहुंचे. सुनक ने फोन पर हुई बातचीत में क्षेत्रीय स्थिरता के लिए ब्रिटेन के ‘दृढ. समर्थन’ को दोहराया और इजरायली नेता से कहा कि ईरान ने गलत तरह से कदम उठाया है और परिणामस्वरूप वह वैश्विक मंच पर अलग-थलग पड़ गया है.

ऐसा माना जाता है कि नेतन्याहू ने शनिवार को इजराइल पर ईरान के अभूतपूर्व प्रत्यक्ष हमले की स्थिति में ब्रिटेन को उसके मजबूत समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के कार्यालय-सह-आवास ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ की ओर से मंगलवार शाम को फोन कॉल की जानकारी दी गई. इसमें बताया गया, ”प्रधानमंत्री (सुनक) ने कहा कि ईरान ने बहुत खराब तरीके से गलत अनुमान लगाकर कदम उठाया है और वैश्विक मंच पर वह अलग-थलग पड़ गया है.” गाजा में इजराइल-हमास संघर्ष पर सुनक ने नेतन्याहू से कहा कि वह गहराते मानवीय संकट को लेकर बहुत चिंतित हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu