गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए झामुमो उम्मीदवार के रूप में कल्पना सोरेन ने पर्चा दाखिल किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 07:01 PM
गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए झामुमो उम्मीदवार के रूप में कल्पना सोरेन ने पर्चा दाखिल किया
ऑडियो सुनें

रांची. जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना ने राज्य की गांडेय विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी के रूप में सोमवार को पर्चा दाखिल किया. गांडेय विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव 20 मई को राज्य के लोकसभा चुनाव के साथ होगा. गिरिडीह जिले की यह विधानसभा सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद खाली हो गई थी.

कल्पना (48) जब नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं तो राज्य के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, उनके देवर बसंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर और राज्य सरकार के मंत्री आलमगीर आलम तथा सत्यानंद भोकता उनके साथ थे. नामांकन दाखिल करने के बाद कल्पना ने कहा, ”हमें एक और मौका दीजिए. हमें आपका आशीर्वाद चाहिए. ये चुनाव गांडेय की जनता के लिए हो रहे हैं.” विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य में और देश में यह गठजोड़ मजबूत है.

एमटेक और एमबीए की डिग्री रखने वाली कल्पना ने ओडिशा के मयूरभंज जिले में बारिपदा से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की थी. उन्होंने इंजीनियरिंग और एमबीए की डिग्री भुवनेश्वर के अलग-अलग संस्थानों से ली. कल्पना की राजनीतिक यात्रा चार मार्च को गिरिडीह जिले में झामुमो के 51वें स्थापना दिवस समारोह में शुरू हुई थी, जब उन्होंने दावा किया था कि 2019 में राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से ही विपक्षी साजिश रच रहे हैं और झारखंड राज्य उनके पति को सलाखों के पीछे डालने वालों को सटीक जवाब देगा.

हेमंत सोरेन को 31 जनवरी को कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था. इससे कुछ समय पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और राज्य के तत्कालीन परिवहन मंत्री चंपई सोरेन को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया गया था.

सत्तारूढ़ झामुमो नीत गठबंधन द्वारा गत पांच फरवरी को विधानसभा में बहुमत साबित किए जाने और विधानसभा में हेमंत सोरेन के भाषण के बाद कल्पना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ”अन्याय और दमन के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी.” गांडेय सीट से दिसंबर में झामुमो विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद कल्पना की उम्मीदवारी को लेकर अटकलें शुरू हो गई थीं और भाजपा ने दावा किया था कि हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी के समन के मद्देनजर कल्पना को चुनाव लड़ाने के लिए यह सीट खाली की गई है. हालांकि, हेमंत ने गांडेय से कल्पना के चुनाव लड़ने की चर्चा को खारिज करते हुए इसे भाजपा की गढ़ी हुई अटकल बताया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu