कंझावला घटना: सीसीटीवी फुटेज में दिखा उस खौफनाक रात को क्या हुआ था

नयी दिल्ली. सीसीटीवी की कुछ और फुटेज से यह पता चला है कि उस रात क्या हुआ था, जब 20 वर्षीय युवती अंजलि सिंह की मौत हुई थी. मंगलवार को सामने आई सीसीटीवी फुटेज में यह देखा जा सकता है कि युवती एक स्कूटी से एक तंग सड़क से गुजर रही थी और तभी कुछ सेकंड बाद एक कार दूसरी ओर जा रही है और सड़क पर एक जूती पड़ी हुई नजर आती है.

पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसे अपने नीचे 12 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई. उसका शव बाहरी दिल्ली के कंझावला में एक सड़क पर निर्वस्त्र पाया गया था.

दिल्ली पुलिस ने अपनी विशेष आयुक्त शालिनी सिंह के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया है और यथाशीघ्र एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है. एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को सभी पांचों आरोपियों को तीन दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया. युवती का पोस्टमार्टम यहां सोमवार को मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया.

पुलिस ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक, युवती की मौत सिर, रीढ़ की हड्डी और शरीर के निचले अंगों में चोट लगने के परिणामस्वरूप रक्स्राव होने तथा आघात पहुंचने के चलते हुई.’’ रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि युवती को लगी कोई भी चोट उसका यौन उत्पीड़न होने का साक्ष्य नहीं देती है.

नयी सीसीटीवी फुटेज में कंझावला पीड़िता होटल के बाहर एक महिला से झगड़ते दिखी

दिल्ली में 31 दिसंबर की रात जिस युवती को कार से टक्कर मारने के बाद 12 किमी तक सड़क पर घसीटा गया था, उसे मंगलवार को सामने आई एक सीसीटीवी फुटेज में घटना से कुछ घंटे पहले एक होटल के बाहर एक महिला के साथ झगड़ते देखा गया है. पुलिस द्वारा हासिल की गई सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि नव वर्ष मनाने के बाद होटल के बाहर 20 वर्षीय युवती का एक महिला के साथ झगड़ा हो रहा था.

पुलिस के मुताबिक, युवती के कंधों पर अपना परिवार चलाने की जिम्मेदारी थी. घटना के बाद उसका निर्वस्त्र शव कंझावला में एक सड़क पर पाया गया था. सुल्तानपुरी निवासी युवती एक कार्यक्रम प्रबंधन फर्म में अंशकालिक आधार पर काम करती थी और नव वर्ष की पूर्व संध्या पर काम के सिलसिले में बाहर थी, जब यह घटना हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button