हादसे के बाद यात्रियों की बढ़ी परेशानी: चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरने के बाद यात्रियों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ गईं। एसी कोच में सफर कर रहे करीब 301 यात्रियों को उनके हाल पर छोड़ देने का आरोप है। यात्रियों ने सुविधा और आराम के लिए एसी का टिकट लिया था, लेकिन हादसे के बाद उन्हें स्लीपर कोच में भेजा गया।
स्लीपर कोच की विशेष ट्रेन से रवाना किए गए यात्री
रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने की बात कही और रात करीब नौ बजे सात स्लीपर कोच की ट्रेन में यात्रियों को बैठा दिया। छोटे बच्चों और महिलाओं समेत यात्रियों को ठंड में सफर करना पड़ा।
चार घंटे प्लेटफॉर्म पर भटकते रहे यात्री
यात्रियों का आरोप है कि हादसे के बाद रेलवे की ओर से न खाने का इंतजाम किया गया और न ही ठंड से बचाव की कोई व्यवस्था। करीब चार घंटे तक उन्हें प्लेटफॉर्म पर ही भटकना पड़ा। इस दौरान घर से लगातार फोन आते रहे, लेकिन यात्रियों को खुद नहीं पता था कि उन्हें कब और कैसे रवाना किया जाएगा। भूख-प्यास और अनिश्चितता ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।
यात्रियों ने क्या कहा?
एडवोकेट रोहित ने बताया कि यात्रियों को सिर्फ बिस्कुट और पानी देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई। उन्होंने कहा कि प्रयागराज तक जाने वाले यात्रियों को किसी तरह राहत मिल सकती है, लेकिन इससे आगे जाने वालों को खाना मिलेगा या नहीं, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। उनके मुताबिक एसी का टिकट लेने के बाद स्लीपर में सफर कराना यात्रियों के साथ अन्याय है।
यात्री गोविंद कुमार ने सवाल उठाया कि जब टिकट एसी का था, तो स्लीपर में क्यों भेजा गया। उनके अनुसार रेलवे को यात्रियों की मजबूरी का ध्यान रखना चाहिए था और विशेष ट्रेन के नाम पर उन्हें दूसरी व्यवस्था में भेज दिया गया।
महिला यात्री शबाना ने कहा कि घर तो जाना ही है और रेलवे जो व्यवस्था करे, उसी में सफर करना पड़ेगा। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी न दी जाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए खाने, पानी और ठंड से बचाव का उचित इंतजाम होना चाहिए था।