कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सोनिया के शामिल होने को तवज्जो नहीं दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Oct 2022 07:33 PM
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सोनिया के शामिल होने को तवज्जो नहीं दी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के शामिल होने को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने ‘‘केवल आधा किलोमीटर पदयात्रा की और फिर वह चली गईं.’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस यात्रा का राज्य में ‘‘कोई असर नहीं’’ होगा. कांग्रेस की यह यात्रा इस समय कर्नाटक से गुजर रही है.

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और उन्होंने राहुल गांधी तथा अन्य ‘भारत यात्रियों’ के साथ पदयात्रा की. सोनिया कर्नाटक के मांड्या जिले में पदयात्रा में शामिल होकर कुछ दूरी तक चलीं. वह पहली बार इस यात्रा में शामिल हुईं.

बोम्मई ने यात्रा के कारण पड़ने वाले प्रभाव को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘सभी दलों के नेताओं का अपने दल के लिए काम करना स्वाभाविक बात है. उन्होंने (सोनिया गांधी) आधा किलोमीटर पदयात्रा की और उसके बाद वह चली गईं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक हमारी बात है, हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है और इससे कोई असर नहीं पड़ता.’’ बोम्मई ने इन दावों को खारिज कर दिया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस की यात्रा के जवाब में अपने नेताओं की रैलियों और राज्यव्यापी दौरों की योजना बना रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी योजना बहुत पहले ही बना ली गई थी.

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि मैंने पहले कहा था कि छह रैली होंगी और यह उसी का हिस्सा होगा… हमने पहले ही इसकी योजना बना ली थी, लेकिन विधानसभा सत्र होने के कारण हमने दशहरे के बाद इसका आयोजन करने का फैसला किया.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu