कर्नाटक : मंत्री परमेश्वर ने पुलिस पर भाजपा के आरोपों को किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Jun 2025 08:05 PM
कर्नाटक : मंत्री परमेश्वर ने पुलिस पर भाजपा के आरोपों को किया खारिज
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने दक्षिण कन्नड़ में हिंदू समर्थक संगठनों से जुड़े सदस्यों को पुलिस द्वारा निशाना बनाए जाने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि किसी को भी निशाना नहीं बनाया जा रहा है और कानून का उल्लंघन करने वालों को छोड़कर आम लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.

परमेश्वर ने किसी भी राजनीतिक हस्तक्षेप से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस स्थिति के आधार पर तथा निर्धारित नियमों के अनुसार स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करती है. भाजपा ने पुलिस द्वारा रात के समय कुछ नेताओं की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने तथा हिंदू संगठनों के लिए काम करने वाले लोगों के घरों पर जाने के कथित कदम पर आपत्ति जताई है.

राज्य के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”मैं दक्षिण कन्नड़ के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है. जो लोग कानून और आम जनता के खिलाफ काम कर रहे हैं, उन्हें ही चिंता करनी चाहिए. हम ऐसा कुछ नहीं होने देंगे जिससे आम लोगों को परेशानी हो.” उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”पुलिस के पास उस क्षेत्र में सांप्रदायिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी हो सकती है. इसलिए उन्होंने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है तथा लोगों में विश्वास पैदा करने और सांप्रदायिक गतिविधियों में शामिल तत्वों की पुष्टि करने के लिए वे (पुलिसकर्मी) घर-घर जा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”आम लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें कोई परेशानी न हो. किसी को बेवजह निशाना नहीं बनाया जाएगा. अगर आप कानून के दायरे में रहकर काम कर रहे हैं तो आपको चिंता करने की क्या जरूरत है. कानून का उल्लंघन करने वालों को चिंतित होना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu