
मानसून की आहट: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही देश में चार महीने लंबे मानसून सीजन की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। मानसून की प्रगति के साथ दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मानसून केरल पहुंचने के बाद बढ़ेगा आगे
मुंबई स्थित आईएमडी के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और लगभग एक सप्ताह में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। मुंबई में मानसून के पहुंचने में करीब 10 दिन लग सकते हैं। हालांकि इससे पहले ही कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कई इलाकों में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
महाराष्ट्र के सतारा, कोल्हापुर, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर और जालना जिलों के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और अन्य नुकसान की आशंका बनी रहेगी।
क्या रहेगा राजधानी दिल्ली का हाल?
इधर राजधानी दिल्ली में भी मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 4 और 5 जून के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और पूर्व-पश्चिम दिशा में बनी ट्रफ रेखा के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी के साथ आंधी आ सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज आंधी के समय यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मंगलवार को दिल्ली में दिनभर उमस भरी गर्मी बनी रही। अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो सकता है।
मौसम विभाग का मानना है कि दक्षिण भारत में मानसून की सक्रियता और उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों को अगले कुछ दिनों में गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।



