दमघोंटू प्रदूषण से भी अधिक खतरनाक हैं केजरीवाल: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 07:46 PM
दमघोंटू प्रदूषण से भी अधिक खतरनाक हैं केजरीवाल: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के अत्यधिक उच्च स्तर पर पहुंचने के मुद्दे पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ‘अक्षम’ होने और झूठे वादे करने का आरोप लगाया तथा कहा कि वह लोगों के लिए वायु प्रदूषण से भी ‘अधिक खतरनाक’ हैं.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण को रोकने के लिए 2022 में आज ही के दिन एक साल का समय मांगा था. उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह इस मुद्दे पर एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करें और लोगों को बताएं की उनकी सरकार ने इस दिशा में क्या कदम उठाए हैं. भाटिया ने दावा किया कि वह करीब नौ साल से सत्ता में हैं लेकिन उन्होंने प्रदूषण के खतरे से निपटने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया.

उन्होंने कहा, ”अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के लिए जाने जाते हैं. वह अक्षम होने के साथ ही और झूठे वादों के लिए भी जाने जाते हैं.” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली के अलावा पूरा देश उन्हें ‘सबसे अक्षम और नि्क्रिरय’ मुख्यमंत्री मानता है. उन्होंने कहा, ”दिल्ली में प्रदूषण का यह दमघोंटू होना लोगों के लिए खतरनाक है लेकिन अगर कोई ज्यादा खतरनाक है तो वह केजरीवाल हैं. उनका एकमात्र उद्देश्य क्षुद्र, निम्न स्तर की राजनीति करना है.”

भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समन से भाग गए हैं लेकिन उन्हें लोगों के सवालों का जवाब देना चाहिए. उन्होंने मध्य दिल्ली के राजीव चौक पर स्मॉग टावर को बंद करने के लिए उन पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब में पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराते थे और फिर पंजाब में ‘आप’ के सत्ता में आने के बाद उन्होंने इससे निपटने के लिए 2022 में एक साल का समय मांगा था.

उन्होंने आरोप लगाया कि स्मॉग टावर को प्रदूषण के समाधान के तौर पर पेश किया गया था लेकिन यह केजरीवाल का ‘भ्रष्टाचार का टॉवर’ साबित हुआ. भाटिया ने दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय पर शहर के प्रदूषण के लिए कथित तौर पर केंद्र और ‘बाहरी लोगों’ को जिम्मेदार ठहराने के लिए भी हमला बोला और कहा कि इस तरह की जहरीली मानसिकता के कारण शहर गैस चैंबर बन गया है.
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए.

राय ने कहा था कि आसपास वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दो साल पहले लगाए गए बड़े स्मॉग टावर को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के अध्यक्ष अश्विनी कुमार भाटिया के आदेश पर मनमाने ढंग से बंद कर दिया गया है. भाटिया ने दावा किया कि 2022 में हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई थी लेकिन पंजाब में इसमें वृद्धि हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu