हताशा में झूठे आरोप लगा रहे हैं केजरीवाल: उप राज्यपाल सक्सेना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Sep 2022 06:43 PM
हताशा में झूठे आरोप लगा रहे हैं केजरीवाल: उप राज्यपाल सक्सेना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के भ्रष्टाचार के आरोपों पर दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह हताशा में विषय से भटकाने वाले तरीके अपना रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं.

सक्सेना ने अरंिवद केजरीवाल सरकार की अब वापस ली जा चुकी आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के मामले में जुलाई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच की सिफारिश की थी जिसके बाद दोनों के बीच रिश्तों में तनाव देखा गया.

उप राज्यपाल ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने सुशासन की, भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की और दिल्ली की जनता के लिए बेहतर सेवा की वकालत की थी. लेकिन दुर्भाग्य से मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल जी ने हताशा में भटकाने वाले तरीके अपनाए और झूठे आरोप लगाए.’’ उन्होंने ट्विटर पर संक्षिप्त बयान में कहा कि अगर आने वाले दिनों में भी उन पर तथा उनके परिवार के लोगों पर ‘‘इस तरह के और बेबुनियाद निजी हमले’’ होते हैं तो उन्हें हैरानी नहीं होगी.

सक्सेना ने कहा, ‘‘उन्हें (केजरीवाल को) पता होना चाहिए कि मैं किसी भी परिस्थिति में मेरे संवैधानिक कर्तव्यों से नहीं डिगूंगा. दिल्ली की जनता के जीवनस्तर में सुधार की मेरी प्रतिबद्धता अटल है.’’ आप विधायक दुर्गेश पाठक ने दिल्ली विधानसभा में सक्सेना पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि उन्होंने 2016 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में चलन से बाहर हो चुके भारतीय मुद्रा के नोटों को बदलवाया था.

आप ने इस मामले में 1,400 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाते हुए सक्सेना के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की थी.
उप राज्यपाल ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को झूठा और मानहानिकारक बताते हुए कुछ आप नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है. यह जानकारी बुधवार को उनके कार्यालय के अधिकारियों ने दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu