नयी दिल्ली. एक मसाज वीडियो से जुड़े नए आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को मांग की कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को देश से माफी मांगनी चाहिए और जेल में बंद अपने मंत्री सत्येंद्र जैन को बर्खास्त करना चाहिए.
भाजपा की तरफ से यह नया हमला तब हुआ जब सूत्रों ने दावा किया कि वीडियो फुटेज में जो व्यक्ति जैन की मालिश करता नजर आ रहा है वह फिजियोथेरेपिस्ट नहीं बल्कि एक कैदी था जो दुष्कर्म के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद है.
वीडियो पर आलोचना झेलने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले दावा किया था कि जैन जेल में फिजियोथेरेपी करवा रहे थे, जहां वह धन शोधन के आरोप में पिछले पांच महीने से न्यायिक हिरासत में हैं. एक संवाददाता सम्मेलन में, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केजरीवाल को ‘‘एक घंटे के भीतर’’ नए आरोपों का जवाब देने की चुनौती दी.
उन्होंने आप को एक ‘‘अराजक अपराधी पार्टी’’ करार दिया और उस पर जेल में किये जा रहे गलत कृत्यों के बचाव का आरोप लगाया.
भाटिया ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल को पूरे राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘सत्येंद्र जैन को एक मिनट भी दिल्ली के मंत्री के पद पर नहीं रहना चाहिए.’’ भाजपा नेता ने मांग की कि यदि इस कथित प्रकरण के बाद जैन को बर्खास्त करने की केजरीवाल में हिम्मत नहीं है तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए.
क्या केजरीवाल माफी मांगेंगे और जैन का इस्तीफा लेंगे: कांग्रेस
कांग्रेस ने तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की मालिश से जुड़े वीडियो के मामले को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और सवाल किया कि मालिश करने वाले के बलात्कार का आरोपी होने की बात सामने आने के बाद क्या केजरीवाल माफी मांगेंगे और जैन का इस्तीफा लेंगे.
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल का पाखंड हर पल और हर दिन उजागर हो रहा है. ये लोग राजनीति बदलने आए थे और खुद इस तरह बदल गए.’’ कांग्रेस नेता अलंका लांबा ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन जी जेल में मालिश करवा रहे रहे हैं. दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह फिजियोथेरेपिस्ट की सेवा ले रहे थे. अब सच्चाई सामने आई है कि वह नाबालिग बच्चियों से बलात्कार के मामले में बंद ंिरकू से मालिश करवा रहे थे.’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘केजरीवाल जी, आपको माफी मांगनी चाहिए या नहीं? जैन का इस्तीफा होना चाहिए या नहीं?’’ लांबा ने कहा, ‘‘हम आम आदमी पार्टी की महिला विधायकों और दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष से उम्मीद करते हैं कि वह केजरीवाल से माफी मांगने को कहेंगी और जैन से इस्तीफा देने के लिए बोलेंगी.’’
जैन की मालिश करने वाला फिजियोथेरैपिस्ट नहीं बल्कि दुष्कर्म मामले का कैदी है : सूत्र
एक वीडियो में तिहाड़ जेल में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की मालिश करते हुए दिख रहा व्यक्ति फिजियोथेरैपिस्ट नहीं है बल्कि एक कैदी है जो बलात्कार मामले में वहां बंद है. सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया था कि जैन फिजियोथेरैपी करा रहे थे.
गौरतलब है कि शनिवार को ‘आप’ उस समय आलोचनाओं के घेरे में आयी थी जब जैन की जेल में कथित तौर पर मालिश कराते और लोगों से मिलते हुए एक वीडियो सामने आया. जैन धन शोधन के आरोपों पर पिछले पांच महीने से न्यायिक हिरासत में हैं. कथित वीडियो में जैन को जेल की अपनी कोठरी में अपने बिस्तर पर लेटकर कुछ दस्तावेजों को पढ़ते तथा लोगों से मिलते हुए कमर और पैरों की मालिश कराते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में मिनरल वाटर की बोतलें और एक रिमोट भी देखा गया. एक वीडियो में वह कुर्सी पर बैठकर सिर की मालिश कराते हुए देखे गए.
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि जैन को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण फिजियोथेरैपी की सलाह दी गई थी, लेकिन भाजपा उनकी बीमारी का मजाक बना रही है. बहरहाल, सूत्रों ने दावा किया कि वीडियो में जैन की मालिश करते हुए दिख रहा व्यक्ति ंिरकू नाम का एक कैदी है.
सूत्रों ने बताया, ‘‘वह दुष्कर्म तथा पोक्सो कानून के एक मामले में जेल में बंद है. ंिरकू फिजियोथेरैपिस्ट नहीं है.’’ आप नेता गोपाल राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सिसोदिया तथा जैन और अन्य ंिस्टग आॅपरेशन से जुड़े मामलों को उठा रही है क्योंकि उसने पास दिल्ली के नगर निगम चुनाव से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं है.
जेल के अंदर जैन को विशेष सुविधाएं मिलने पर राय ने कहा, ‘‘अमित शाह गुजरात जेल में थे और उस समय जेल में उनके लिए भी विशेष सुविधाएं थीं. जिस तरह की सुविधाएं उन्हें मिली थी वह कभी किसी को नहीं मिल सकती. यह रिकॉर्ड में उपलब्ध है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुद्दा जैन के साथ सलूक का नहीं है बल्कि मुद्दा यह है कि दिल्ली के लोग चार दिसंबर को भाजपा के साथ क्या सलूक करेंगे.’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का इकलौता एजेंडा सिर्फ अरंिवद केजरीवाल की छवि बिगाड़ना है. उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में पिछले 10 दिन से केवल दो दल प्रचार कर रहे हैं जबकि कांग्रेस मुकाबले का हिस्सा नहीं है.’’ राय ने कहा, ‘‘एक तरफ वे लोग हैं जो अपने काम के आधार पर प्रचार कर रहे हैं. दूसरी ओर, वे लोग हैं जो बस कीचड़ उछालना चाहते हैं.’’
वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘शर्म करो अरंिवद केजरीवाल. डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि यह फिजियोथेरैपी नहीं है और तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन की मालिश कर रहा व्यक्ति बलात्कारी है, पोक्सो के तहत आरोपी है न कि फिजियोथेरैपिस्ट है जैसा कि आप बता रहे हैं.’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने उन्हें बर्खास्त करने की मांग की तथा मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाए.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी इसके पहले जमानत पर सुनवाई के दौरान जैन पर आरोप लगाया था कि वे जेल के अंदर विशेष सुविधा हासिल कर रहे हैं. इस महीने की शुरुआत में जेल में जैन को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने में कथित संलिप्तता के लिए तिहाड़ जेल के एक अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया था.