खरगे, राहुल ने ट्रंप को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई दी

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की. खरगे ने कहा कि ‘हम वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं.” राहुल गांधी ने राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार रहीं कमला हैरिस को भी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दूसरी बार देश के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की जिसे अमेरिकी इतिहास में किसी नेता की सबसे बड़ी राजनीतिक वापसी कहा जा रहा है. ट्रंप ने कड़े चुनावी मुकाबले में अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को पराजित किया.

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनकी चुनावी जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हैं. भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच एक मजबूत व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो लंबे समय से साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, साझा हितों और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों पर आधारित है.”

उन्होंने कहा, ”हम वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं.” राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”डोनाल्ड ट्रंप, आपकी जीत पर बधाई, अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में आपके दूसरे कार्यकाल में सफलता के लिए शुभकामनाएं.” उन्होंने कहा, ”कमला हैरिस को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकमानाएं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button