लालू जी ने गायों का चारा भी खा लिया, वह लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते : अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:34 PM
लालू जी ने गायों का चारा भी खा लिया, वह लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते : अमित शाह
ऑडियो सुनें

गोपालगंज. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि ”जो लोग गायों का चारा खाते हैं”, वे बिहार के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते. शाह ने गोपालगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की.

शाह ने इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा, ” वर्ष 2025 में ही चुनाव होने वाला है. बिहार को एक बार तय करना है कि हमें लालू-राबड़ी के ‘जंगल राज’ की ओर जाना है या मोदी जी और नीतीश कुमार के विकास के रास्ते पर जाना है. जब से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बिहार में बनी है, यहां विकास की शुरुआत हुई और जब भी मोदी दी भाजपा के लिए वोट मांगने आए बिहार की जनता ने मोदी जी की झोली कमल के फूल से भरने का काम किया है. और मोदी जी ने भी पीछे मुड़कर नहीं देखा. दस साल के भीतर कई सारे विकास के काम जो 65 साल तक कांग्रेस पार्टी नहीं कर पाई, वह मोदी जी ने इस 10 साल के अंदर करने का काम किया है.”

उन्होंने कहा, ”लालू यादव से यह पूछना है कि 15 साल तक लालू-राबड़ी की सरकार रही, दस साल तक सोनिया-मनमोहन की सरकार में लालू मंत्री थे, आपने बिहार के लिए क्या किया. दस साल के अंदर जो आप 2004-05 में 23,000 करोड़ रुपये का बजट छोड़कर गए थे, उसे राजग की सरकार ने 13 गुना बढ़ाकर तीन लाख 23 हजार करोड़ रुपये किया. प्रति व्यक्ति आय जो 8,000 रुपये थी वह 66,000 रुपये करने का काम किया और गरीबी रेखा के नीचे जो आबादी 56 प्रतिशत थी उसको कम कर 30 प्रतिशत करने का काम किया.” शाह ने कहा, ”और लालू जी आप जब केंद्र में मंत्री थे, 10 साल मिले बिहार को क्या दिया जरा हिसाब-किताब लेकर आओ. आपने केवल 2,80,000 करोड़ रूपये बिहार की जनता को दिया था और बिहार की जनता ने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया. दस साल राजद-कांग्रेस के और 10 साल भारतीय जनता पार्टी और राजग के शासनकाल की तुलना कीजिए. हमने 2,80,000 करोड़ रुपये के सामने नौ लाख 23 हजार करोड़ रूपये बिहार की जनता को देने का काम किया है.”

उन्होंने कहा, ” आज गोपालगंज की धरती पर मैं यह कहकर जा रहा हूं कि एक बार और पांच साल राजग की सरकार बनाइए, हम बिहार को हमेशा के लिए बाढ़ से मुक्त करने का काम करेंगे. बिहार में बाढ़ की समस्या भूतकाल की बात बन जाएगी.” शाह ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर बनाए जाने की चर्चा किए जाने की ओर इशारा करते हुए कहा, ” हम राह देखते थे कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बने. ये लालू और कंपनी ने बहुत अड़ंगे लगाए. साढ़े पांच सौ साल के बाद मोदी जी ने रामलला को भव्य मंदिर में बिठाने का काम किया और अब बारी माता सीता की है. बिहार में माता सीता का भव्य मंदिर पूरी दुनिया को आर्किषत करेगा और मातृ शक्ति का संदेश बिहार की भूमि से पूरे देश में जाएगा. अयोध्या-जनकपुर रामायण र्सिकट बिहार के अंदर पर्यटन को बढ़ावा देगी.”

उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के दस सालों के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, ”जब राजद सत्ता में थी तब क्या था, रंगदारी, जंगलराज, दबंगई, डकैती, अपहरण, फिरौती… पूरे बिहार को तबाह कर रखा था और इतने घोटाले किए कि इनको लाज-शर्म भी नहीं है. अलकतरा घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, रेलवे होटल घोटाला, मिट्टी घोटाला, चरवाहा विद्यालय घोटाला किया और गौ माता का चारा भी ये लालू जी खा गए. बिहार क्या फिर से अपहरण, हत्या और भय के शासन में जाना चाहता है. बिहार चारा चुराया, इसको भूल सकता है क्या, बूथ कैपचरिंग करकर लोकतंत्र को खत्म करने की उनकी साजिश भूल सकता है क्या और नौकरी के बदले जमीन का षड्यंत्र बिहार भूल सकता है क्या.”

केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया, ” लालू प्रसाद जी ने एक ही काम किया. अपने परिवार को सेट… लालू के दोनों लाल आज बिहार में मुख्यमंत्री बनने की तैयारी कर रहे हैं. एक बेटी राज्यसभा सांसद है. दूसरी बेटी को लोकसभा लड़ाया. राबड़ी जी पूर्व मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. राबड़ी जी के दोनों भाई मंत्री रह चुके हैं. अपनी भाभी को भी उन्होंने नेता बनाया. लालू जी के भाई भी विधायक रहे. पूरे परिवार में कोई नहीं बचा है. पूरा परिवार लालू जी का है. लालू जी आपने अपने पूरे परिवार को तो सेट किया मगर बिहार के युवाओं को सेट करने का काम आपने नहीं किया, वह हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी कर रहे हैं. मोदी जी ने देश भर में ढेर सारे ऐसे काम किए हैं, जिसकी भारत के आजादी के इतिहास में मिसाल नहीं है.”

उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर प्रहार जारी रखते हुए कहा, ” मोदी जी ने 60 करोड़ गरीबों को आगे बढ़ाया और आपने परिवार को आगे बढ़ाया. मोदी जी ने अनुच्छेद-370 को समाप्त कर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ जोड़ने का काम, हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ने किया. नक्सलवाद और आतंकवाद आज अंतिम सांसे ले रहा है. और लालू जी, जब अटल जी ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) की शुरुआत की तो आप कहते थे, आईटी-वाईटी क्या होता है, क्या कंप्यूटर दूध दे सकता है. आज बिहार के हर युवा के हाथ में मोबाइल है, सस्ता इंटरनेट है और गोपालगंज का बच्चा और पढ़कर विश्व के बड़े-बड़े पदों पर पहुंच पाया है.”

शाह ने कहा कि पशुपालक, कृषि और ग्रामीण विकास को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही आगे बढ़ा रहे हैं, उन्होंने बिहार को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई और आज फिर से एक बार बिहार की जनता के सामने चुनाव आने वाला है. उन्होंने कहा कि लोग इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में कमल निशान पर बटन दबाकर फिर से एक बार राजग की सरकार बनाएं और मोदी जी के हाथ मजबूत करें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu