जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़ में लश्कर का हाइब्रिड आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Nov 2022 07:24 PM
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़ में लश्कर का हाइब्रिड आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में रविवार सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी मारा गया. यह जानकारी पुलिस ने दी. पुलिस ने बताया कि उक्त आतंकवादी को पुलिस दल एक आतंकवादी ठिकाने की पहचान के लिए क्षेत्र में ले गया था. ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी उन गैर-सूचीबद्ध आतंकवादियों को कहा जाता है, जो आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के बाद अकसर बिना कोई निशान छोड़े नियमित जीवन जीने लगते हैं.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुलगाम के शिरपोरा का रहने वाला ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी सज्जाद अहमद तांत्रे उर्फ फुरकान गत 12 नवंबर को अनंतनाग के बिजबेहरा के रखमोमेन में एक गैर स्थानीय मजदूर की हत्या में शामिल था. प्रवक्ता ने बताया कि उसे गिरफ्तार किया गया था और पूछताछ के दौरान उसने मजदूर की हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल की थी. प्रवक्ता ने बताया कि उसकी निशानदेही पर आतंकवादी घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्तौल भी बरामद की गई थी. उन्होंने कहा कि तांत्रे ने बिजबेहरा के चेकी डूडू इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की भी जानकारी दी थी.

पुलिस ने बताया कि तांत्रे द्वारा दी गई सूचना के आधार पर चेकी डूडू में तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया गया. पुलिस ने बताया कि जैसे ही तलाशी दल ठिकाने के पास पहुंचा, वहां छिपे आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तांत्रे गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि तांत्रे को तुरंत बिजबेहरा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

प्रवक्ता ने कहा कि पूरे इलाके में घेराबंदी को मजबूत किया गया है और तलाशी अभियान जारी है. प्रवक्ता ने कहा कि सज्जाद तांत्रे पहले लश्कर आतंकवादियों का सहयोगी था और विभिन्न अपराधों में शामिल था, जिसके संबंध में मामले दर्ज किए गए थे. प्रवक्ता ने कहा कि उसे जून 2019 से दिसंबर 2019 तक पीएसए के तहत हिरासत में भी लिया गया था.
.

श्रीनगर में तीन ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तीन ‘हाइब्रिड’ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सेना (2आरआर) और श्रीनगर पुलिस ने तीन हाइब्रिड आतंकवादियों को श्रीनगर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया तथा उनके पास से तीन एके राइफल, दो पिस्तौल, नौ मैगजीन और 200 कारतूस बरामद किए गए.’’ पुलिस ने कहा कि मामले में जांच जारी है.

कुपवाड़ा के एक मकान से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद

सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एक मकान से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किये हैं. पुलिस के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि बीती रात चलाए गए घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान उत्तर कश्मीर के करनाह इलाके में पंजतरण निवासी रफाकत हुसैन शाह के घर से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद किये गये.

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 16 कारतूस, दो हथगोले, दो डेटोनेटर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई हा. प्रवक्ता के मुताबिक, इस सिलसिले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu