
मैसूरु. लोकायुक्त पुलिस ने मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) मामले में पूछताछ के लिए छह नवंबर को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को तलब किया है. आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. लोकायुक्त पुलिस ने 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की पत्नी पार्वती से पूछताछ की थी, जो इस मामले में आरोपी हैं.
लोकायुक्त के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमने उनसे (सिद्धरमैया) बुधवार सुबह पेश होने के लिये कहा है.” लोकायुक्त पुलिस के समन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिद्धरमैया ने हावेरी जिले में संवाददाताओं से कहा, ”मैं जाऊंगा…” द्धरमैया एमयूडीए द्वारा उनकी पत्नी पार्वती को 14 भूखंडों का आवंटन किए जाने में अनियमितता के आरोपों का सामना कर रहे हैं.
यह आरोप लगाया गया है कि मैसुरु के एक पॉश इलाके में पार्वती को 14 ऐसे स्थल आवंटित किए गए थे, जिनका मूल्य उस भूमि की तुलना में अधिक है जिसे एमयूडीए ने ”अधिग्रहित” किया था. एमूयडीए ने पार्वती को उनकी 3.16 एकड़ भूमि के बदले 50:50 अनुपात योजना के तहत भूखंड आवंटित किए थे.
विवादास्पद योजना के तहत एमयूडीए ने आवासीय परिसर बनाने के लिए भूखंड छोड़ने वालों को उनसे ली गई अविकसित भूमि के बदले में 50 प्रतिशत विकसित भूमि आवंटित की थी. लोकायुक्त पुलिस ने 27 सितंबर को सिद्धरमैया, उनकी पत्नी, उनके करीबी रिश्तेदार मल्लिकार्जुन स्वामी और देवराजू नाम के एक व्यक्ति और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. मल्लिकार्जुन स्वामी ने देवराजू से जमीन खरीदकर पार्वती को उपहार में दी थी.



