केरल में लड़की को उठाकर सड़क पर फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Nov 2022 07:05 PM
केरल में लड़की को उठाकर सड़क पर फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कासरगोड. केरल में कासरगोड जिले के मंजेश्वर में एक नाबालिग लड़की को उठाकर सड़क पर फेंकने के आरोप में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. यह भयावह घटना आज सुबह उस समय हुई जब आठ वर्षीय बच्ची मदरसे के बाहर अपने रिश्तेदार के आने का इंतजार कर रही थी. पुलिस ने कहा कि स्थानीय निवासी आरोपी अबूबकर सिद्दीकी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.

यह घटना तब सामने आई जब स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की उसके रिश्तेदारों ने जांच की. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी सिद्दीकी को उस लड़की की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जो सड़क के दूसरी तरफ खड़ी थी. लड़की के रिश्तेदार ने कहा कि वह इस घटना से पूरी तरह से घबरा गई थी और यहां तक कि शुरू में परिवार के सदस्यों को कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी.

उन्होंने कहा, ‘‘बाद में उसने बताया कि सड़क के किनारे खड़े होने पर किसी ने उसे मारा. इसके बाद, मैं वापस गया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मैं फुटेज देखकर चौंक गया.’’ एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) 307 (हत्या का प्रयास) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा, ‘‘लड़की को कोई चोट नहीं लगी है. अब उसे विस्तृत जांच के लिए मेंगलुरु के एक अस्पताल में ले जाया गया है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu