महाराष्ट्र में 47.32 करोड़ रुपये की जीएसटी क्रेडिट धोखाधड़ी में व्यक्ति गिरफ्तार

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 47.32 करोड़ रुपये की जीएसटी (माल और सेवा कर) क्रेडिट धोखाधड़ी में कथित भूमिका के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय जीएसटी के ठाणे आयुक्तालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘आंतरिक तौर पर प्राप्त खुफिया जानकारी और उन्नत डेटा विश्लेषण उपकरणों के जरिये मामले का पता चला। इसमें खुलासा हुआ कि विवेक राजेश मौर्य द्वारा संचालित मेसर्स केएसएम एंटरप्राइजेज ने बिना किसी वास्तविक माल या सेवाओं की आपूर्ति के धोखाधड़ी से आईटीसी का दावा किया और उसे पारित करवा लिया।’’

जीएसटी प्रणाली के तहत, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) एक ऐसा प्रावधान है जो व्यवसायों को उनके खरीदे गए सामानों और सेवाओं पर दिए गए टैक्स को उनके बेचे गए माल या सेवाओं पर वसूले गए टैक्स के खिलाफ समायोजित करने की सुविधा देता है। इससे दोहरी कराधान की स्थिति से बचा जा सकता है।

सीजीएसटी की विज्ञप्ति में कहा गया है कि मौर्य के आवास पर तलाशी के दौरान बैंक पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन और ”कई फर्जी कंपनियों से जुड़े दस्तावेज” जैसे अभियोजन योग्य साक्ष्य बरामद हुए। विज्ञप्ति में कहा गया कि मौर्य को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button