मन की बात : छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं ने राज्यभर में कार्यक्रम को सुना

नए भारत के निर्माण में सहायक विचारों को आवाज देती है प्रधानमंत्री मोदी की 'मन की बात' : राज्यपाल हरिचंदन

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन-की-बात’ की 100 कड़ी को सुनने के लिए विशेष व्यवस्था की. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साओ और राज्य के पार्टी प्रभारी ओम माथुर ने रायपुर के अरंग ब्लॉक के भंसोल गांव में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुना. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने समर्थकों के साथ राजनांदगांव में ‘मन-की-बात’ को सुना.

पूर्व मंत्री ब्रिजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के भटगांव में इसी तरह के आयोजन में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुना, जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर में कार्यक्रम को सुना. माथुर ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत नौ साल में ‘मन की बात’ के जरिये समाज के सभी हिस्सों को जोड़ा है. इस कार्यक्रम की पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है और जमीनी स्तर के लोग इससे जुड़े हैं.’’

नए भारत के निर्माण में सहायक विचारों को आवाज देती है प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ : राज्यपाल हरिचंदन
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि यह कार्यक्रम लोगों के आंदोलन के जरिए नए भारत के निर्माण में योगदान देने वाले महत्वपूर्ण विचारों को आवाज देने वाला एक शक्तिशाली मंच है.

राज्यपाल ने यहां राजभवन में प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी के सीधे प्रसारण के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. इस कार्यक्रम में भाग लेने वालों में पद्म श्री पुरस्कार विजेता, कलाकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे. राज्यपाल ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि यह तीन अक्टूबर 2014 के बाद शुरू होने से नियमित रूप से प्रसारित हो रहा है और इससे कार्यक्रम की स्थायी लोकप्रियता का पता चलता है.

विश्वभूषण हरिचंदन ने कहा, ‘‘ ‘मन की बात’ सिर्फ एक कार्यक्रम से बढ़कर है. यह एक शक्तिशाली मंच है जो लोगों को प्रोत्साहित और प्रेरित करता है, जीवन में चुनौतियों का सामना कर वापसी करने की कहानियों को प्रर्दिशत करता है, और लोगों के आंदोलन के माध्यम से एक नया भारत बनाने में योगदान देने वाले महत्वपूर्ण विचारों को आवाज देता है.’’

प्रधानमंत्री मोदी इस रेडियो कार्यक्रम के दौरान अब तक पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और कृषि सहित विभिन्न विषयों को संबोधित कर चुके हैं. राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इसके जरिए 700 से अधिक व्यक्तियों और 300 से अधिक संगठनों का उल्लेख किया है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई व्यक्तियों और संगठनों को भी प्रधानमंत्री ने अलग-अलग प्रकरणों में मान्यता दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button